बीएसपी के कोक ओवन में हादसा, मिनी पोकलेन की चपेट में आने से ठेका मजदूर की मौत
कोक ओवन बैटरी-5 में काम के दौरान हादसा, मशीन के नीचे दबा मजदूर; मेन मेडिकल पोस्ट में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

भिलाई। भिलाई स्टील प्लांट (BSP) के कोक ओवन बैटरी-5 में मंगलवार को हुए हादसे में एक ठेका मजदूर की मौत हो गई। हादसे के बाद प्लांट परिसर में अफरातफरी का माहौल बन गया। गंभीर रूप से घायल मजदूर को किसी तरह बाहर निकालकर मेन मेडिकल पोस्ट ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान ललित कुमार साहू (33) के रूप में हुई है। वह राजनांदगांव का निवासी था और बीएसपी में उत्कल प्रोजेक्ट प्राइवेट लिमिटेड के अधीन ठेका मजदूर के रूप में कार्यरत था।
मिनी पोकलेन के लोडर की चपेट में आया
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक कोक ओवन बैटरी-5 में काम के दौरान ललित मिनी पोकलेन के लोडर की चपेट में आ गया। बताया जा रहा है कि हादसे में वह मशीन के हिस्से के नीचे दब गया। गंभीर रूप से दबने के कारण उसे सांस लेने में परेशानी हुई।
मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल मजदूर को बाहर निकालने का प्रयास किया। उसे बाहर निकालने के बाद मेन मेडिकल पोस्ट पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टर उसे बचा नहीं सके।
सेक्टर-9 मर्च्यूरी में रखा गया शव
मौत के बाद ललित के शव को सेक्टर-9 अस्पताल की मर्च्यूरी में रखवा दिया गया है। पुलिस द्वारा पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाने की प्रक्रिया होगी।
