अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग की कार्रवाई, 4 आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग। जिले में अवैध मदिरा के कारोबार के खिलाफ आबकारी विभाग ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से कच्ची महुआ शराब समेत देशी और विदेशी मदिरा के कुल 33.84 लीटर शराब जब्त की गई है।
कलेक्टर अभिजीत सिंह के दिशा-निर्देश और प्रभारी सहायक आयुक्त आबकारी क्रिस्टोफर खलखो के मार्गदर्शन में आबकारी विभाग ने 11 और 12 सितंबर को अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की।
11 सितंबर को अशोक कुमार घोरानी, निवासी थाना रानीतराई, पाटन के कब्जे से 9 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की गई। इसी दिन ग्राम ओटेबंध, तहसील धमधा निवासी मुकेश कुमार जोशी के पास से 40 पाव देशी मदिरा मसाला शोले जब्त की गई।
12 सितंबर को ग्राम पचपेड़ी निवासी कान्हा चंद्राकर के कब्जे से 48 पाव विदेशी मदिरा व्हिस्की रॉयल गोवा बरामद हुई। यह शराब गोवा राज्य में बिक्री के लिए अधिकृत बताई गई है। वहीं ग्राम सिरसाकला निवासी संजय सिंह ठाकुर के कब्जे से भी 50 पाव रॉयल गोवा व्हिस्की जब्त की गई।
आबकारी विभाग के अनुसार, चारों मामलों में छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क), 34(2) एवं 36 के तहत प्रकरण दर्ज किए गए। आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।
मामलों की विवेचना आबकारी उप निरीक्षक अरविन्द कुमार साहू, हरीश कुमार पटेल, भोजराम रत्नाकर और कीर्ति ठाकुर द्वारा की जा रही है।
