रेलवे स्टेशन जाने वाले मार्ग पर धारदार हथियार लहराकर लोगों को धमका रहा था युवक, नेवई पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा

आरोपी के कब्जे से स्टील का नुकीला हथियार बरामद, आर्म्स एक्ट के तहत गिरफ्तार कर न्यायालय में किया पेश, केंद्रीय जेल दुर्ग भेजा गया

रेलवे स्टेशन जाने वाले मार्ग पर धारदार हथियार लहराकर लोगों को धमका रहा था युवक, नेवई पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा

भिलाई। स्टेशन मरोदा रेलवे स्टेशन जाने वाले मार्ग पर धारदार हथियार लहराकर आम नागरिकों को डराने-धमकाने वाले युवक को नेवई पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को हथियार सहित पकड़ लिया। उसके कब्जे से स्टील का एक नुकीला धारदार हथियार बरामद किया गया है। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे केंद्रीय जेल दुर्ग भेज दिया गया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 22 अक्टूबर को नेवई पुलिस को सूचना मिली थी कि स्टेशन मरोदा रेलवे स्टेशन जाने वाले मार्ग पर एक व्यक्ति धारदार हथियार लहराकर लोगों को डरा-धमका रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम गवाहों के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। वहां एक युवक हथियार लहराता मिला। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपी की पहचान करन निहाल उर्फ चेरी (28 वर्ष), निवासी शंकरपारा, उड़िया बस्ती, स्टेशन मरोदा के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से स्टील का नुकीले आकार का धारदार हथियार बरामद किया गया। हथियार के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर पुलिस ने उसे जब्त कर लिया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 702/2026 के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 में कार्रवाई की। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय दुर्ग में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया।