मॉडल टाउन में सड़क पर बना अवैध टीन शेड हटाया, निगम की अतिक्रमण पर कार्रवाई

आयुक्त सुरूचि सिंह के निर्देश पर निगम की टीम ने की कार्रवाई, सड़कों और सार्वजनिक स्थलों को अतिक्रमण मुक्त बनाने का अभियान जारी

मॉडल टाउन में सड़क पर बना अवैध टीन शेड हटाया, निगम की अतिक्रमण पर कार्रवाई

भिलाईनगर। शहर में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ नगर पालिक निगम भिलाई ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में जोन क्रमांक-1 नेहरू नगर के वार्ड क्रमांक-3 स्थित मॉडल टाउन में सड़क पर अवैध रूप से बनाए गए टीन शेड को निगम की टीम ने हटा दिया। निगम प्रशासन के अनुसार, सार्वजनिक मार्गों को अतिक्रमण मुक्त रखने और नागरिकों को आवागमन में होने वाली परेशानी से राहत दिलाने के उद्देश्य से यह कार्रवाई की गई।

नगर निगम आयुक्त सुरूचि सिंह के निर्देशानुसार निगम क्षेत्र में सड़कों, फुटपाथों, नालियों और सार्वजनिक स्थलों पर किए गए अवैध कब्जों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। मॉडल टाउन में सड़क पर टीन शेड बनाकर अतिक्रमण किए जाने की जानकारी मिलने पर निगम की टीम मौके पर पहुंची और उसे हटाने की कार्रवाई की।

निगम प्रशासन का कहना है कि सड़क और सार्वजनिक मार्गों पर अवैध निर्माण से आवागमन बाधित होता है। इससे वाहन चालकों और पैदल चलने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। यातायात व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए ऐसे अतिक्रमणों को हटाया जा रहा है।

आयुक्त सुरूचि सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि निगम क्षेत्र में सार्वजनिक स्थानों पर अवैध कब्जों के खिलाफ कार्रवाई जारी रखी जाए। निगम प्रशासन ने नागरिकों और व्यवसायियों से अपील की है कि वे सड़कों, फुटपाथों और अन्य शासकीय भूमि पर अवैध निर्माण न करें तथा शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाए रखने में सहयोग करें।