देशी कट्टा लेकर बस्ती में फैला रहा था दहशत, पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा
खुर्सीपार के उड़िया बस्ती में लोगों को डराने-धमकाने की सूचना पर पहुंची पुलिस, 12 बोर का कट्टा और जिंदा राउंड बरामद

भिलाई। खुर्सीपार थाना क्षेत्र के उड़िया बस्ती में देशी कट्टा लेकर लोगों को डराने-धमकाने और दहशत फैलाने की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 12 बोर का देशी कट्टा और एक राउंड बरामद किया गया। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस को देखते ही भागने लगे संदिग्ध
पुलिस के अनुसार 25 अगस्त को सूचना मिली थी कि लक्ष्मी नारायण नगर, उड़िया बस्ती में कुछ लोग देशी कट्टा लेकर घूम रहे हैं और लोगों को डरा-धमका रहे हैं। सूचना मिलते ही खुर्सीपार पुलिस टीम मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी शुरू की।
पुलिस को देखकर वहां मौजूद कुछ संदिग्धों ने भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने पीछा कर एक आरोपी को पकड़ लिया, जबकि अन्य लोग मौके से फरार हो गए।
तलाशी में कट्टा और राउंड बरामद
पकड़े गए आरोपी की पहचान उत्तम उर्फ पुरुषोत्तम उर्फ बुड़ा (38) निवासी लक्ष्मी नारायण नगर, उड़िया बस्ती, खुर्सीपार के रूप में हुई। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 12 बोर का एक देशी कट्टा और एक राउंड बरामद किया गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना खुर्सीपार में अपराध क्रमांक 360/2026 के तहत धारा 25 एवं 27 आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया। न्यायालय में पेश किए जाने के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पहले भी दर्ज हो चुका है गंभीर मामला
पुलिस जांच में आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। पुलिस के अनुसार वर्ष 2021 में थाना भिलाई-3 क्षेत्र में उसके खिलाफ धारा 302 भारतीय दंड संहिता के तहत मामला दर्ज हुआ था और वह जेल में निरुद्ध रहा था। इसके अलावा आरोपी के खिलाफ अन्य आपराधिक प्रकरण दर्ज होने की जानकारी भी पुलिस को मिली है।
बस्ती में दबदबा कायम करने की कोशिश
पुलिस के मुताबिक आरोपी अवैध हथियार अपने पास रखकर क्षेत्र में घूम रहा था। लोगों को भयभीत करने, धमकाने और इलाके में अपना दबदबा कायम करने के उद्देश्य से हथियार का इस्तेमाल किए जाने की आशंका है।
घटना स्थल: विजय किराना स्टोर के पीछे, उड़िया बस्ती, लक्ष्मी नारायण नगर, खुर्सीपार, भिलाई।
जब्ती: 12 बोर का एक देशी कट्टा और 12 बोर का एक राउंड।
