इंजीनियरिंग पार्क में शेड का ताला तोड़कर 350 मीटर वायर चोरी, आरोपी गिरफ्तार

हथखोज में बिजली वायर चोरी का मामला, कुलदीप कौशिक पकड़ा गया; कटा हुआ वायर और कटर बरामद

इंजीनियरिंग पार्क में शेड का ताला तोड़कर 350 मीटर वायर चोरी, आरोपी गिरफ्तार

भिलाई। इंजीनियरिंग पार्क हथखोज में शेड का ताला तोड़कर करीब 350 मीटर बिजली वायर चोरी करने के मामले में पुरानी भिलाई पुलिस ने फरार आरोपी कुलदीप कौशिक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अलग-अलग रंगों में कई टुकड़ों में कटा हुआ बिजली वायर और वायर काटने में इस्तेमाल किया गया थर्माकोल कटर बरामद किया है। बरामद वायर की अनुमानित कीमत करीब ₹45 हजार बताई गई है।

मामला इंजीनियरिंग पार्क हथखोज स्थित छत्तीसगढ़ औद्योगिक विकास निगम के शेड एफ-01 का है। यहां एफ-01 से एफ-21 तक शेड निर्मित हैं और सुरक्षा के लिए शिफ्टवार सुरक्षा गार्ड तैनात रहते हैं। शेड के अंदर विद्युत कनेक्शन के लिए बिजली वायर बिछाया गया था। पुलिस के अनुसार 7 अगस्त को सुरक्षा गार्ड ने शेड एफ-01 के शटर का ताला टूटे होने की सूचना दी। मौके पर पहुंचकर जांच करने पर अंदर लगा विद्युत बोर्ड और करीब 350 मीटर बिजली वायर, जिसकी अनुमानित कीमत करीब ₹30 हजार थी, गायब मिला। रिपोर्ट के बाद पुरानी भिलाई पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।

पहले पकड़ा गया था एक आरोपी

विवेचना के दौरान पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर मामले में आरोपी रवि राव उर्फ विठ्ठल को गिरफ्तार किया था। उसके कब्जे से विभिन्न रंगों में कटा हुआ बिजली वायर, प्लास्टिक का मुखौटा और वायर काटने का कटर बरामद किया गया था। आरोपी को 8 अगस्त को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। मामले में फरार चल रहे कुलदीप कौशिक की पुलिस लगातार तलाश कर रही थी। आखिरकार उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।

साथी के साथ मिलकर चोरी की बात सामने आई

पुलिस के मुताबिक पूछताछ में कुलदीप ने अपने साथी के साथ मिलकर इंजीनियरिंग पार्क के शेड से बिजली वायर चोरी करने की घटना में संलिप्तता स्वीकार की। आरोपी की निशानदेही पर उसके द्वारा पेश किए गए पीले रंग के थैले से लाल, पीला, नीला, काला और नारंगी रंग के कई टुकड़ों में कटे हुए बिजली वायर बरामद किए गए। इसके साथ ही वायर काटने में इस्तेमाल एक थर्माकोल कटर भी जब्त किया गया। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने शेड का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और विद्युत कनेक्शन के लिए बिछे वायर को काटकर अलग-अलग टुकड़ों में चोरी किया था। कुलदीप कौशिक को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।