लिफ्ट मांगकर रोका, फिर युवक पर धारदार हथियार से हमला

दुर्ग। धमधा नाका रोड पर हनुमान मंदिर के पास रात्रि में युवक को लिफ्ट मांगकर रोकना दो आरोपियों को भारी पड़ गया। पुलिस के अनुसार लिफ्ट मांगने के बाद दोनों ने युवक से गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी देते हुए मारपीट शुरू कर दी। विरोध करने पर धारदार हथियार से हमला कर युवक के पेट और पीठ में गंभीर चोट पहुंचाई गई। मामले में मोहन नगर पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त धारदार हथियार बरामद किया है। एक अपचारी बालक की भी मामले में संलिप्तता सामने आई है।
पुलिस के अनुसार 15 अगस्त की रात युवक अपने मामा के घर से मोटरसाइकिल से दुर्ग स्टेशन जाने के लिए निकला था। रात करीब 3 बजे वह धमधा नाका रोड स्थित हनुमान मंदिर के पास पहुंचा। इसी दौरान दो अज्ञात व्यक्तियों ने उससे लिफ्ट मांगी। युवक ने मोटरसाइकिल रोक दी। आरोप है कि इसके बाद दोनों ने उसके साथ अश्लील गाली-गलौज शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी दी। युवक ने विरोध किया तो दोनों ने हाथ-मुक्के से मारपीट की और धारदार हथियार से हमला कर दिया।
पेट और पीठ में गंभीर चोट
हमले में युवक के पेट और पीठ में गंभीर चोटें आईं। घायल को तत्काल जिला अस्पताल दुर्ग ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी स्थिति को देखते हुए बेहतर उपचार के लिए मेकाहारा रायपुर रेफर किया गया। घटना की रिपोर्ट के बाद मोहन नगर पुलिस ने अपराध क्रमांक 575/2026 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं तथा आर्म्स एक्ट की धाराओं 25 और 27 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
आरोपी गिरफ्तार, हथियार बरामद
विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपियों की पतासाजी करते हुए सूर्य प्रकाश निर्मलकर उर्फ सोनू, निवासी न्यू शांति नगर, दुर्ग को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त धारदार हथियार भी बरामद कर जब्त किया है। जांच में एक अपचारी बालक के भी घटना में शामिल होने की जानकारी सामने आई है। उसके संबंध में किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार कार्रवाई की जा रही है।
