रामनगर हाई स्कूल में चित्रकला और निबंध प्रतियोगिता से दिया स्वच्छता का संदेश
स्वच्छता पखवाड़ा के तहत विद्यार्थियों ने चित्रों और निबंधों के जरिए जताई स्वच्छ भारत की प्रतिबद्धता


भिलाई। मेरा युवा भारत, दुर्ग (युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार) द्वारा 1 से 15 अगस्त तक आयोजित किए जा रहे स्वच्छता पखवाड़ा के तहत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रामनगर, भिलाई में चित्रकला एवं निबंध प्रतियोगिता के साथ स्वच्छता शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। चित्रकला प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने स्वच्छता को विषय बनाकर आकर्षक चित्रों के माध्यम से लोगों को जागरूक करने का प्रयास किया। वहीं निबंध प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने स्वच्छता के महत्व और स्वच्छ समाज के निर्माण को लेकर अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि शाला विकास समिति के अध्यक्ष भुनेश्वर विश्वकर्मा, सदस्य प्रेमन लाल साहू तथा हाई स्कूल की प्राचार्य पी. स्मिता राव उपस्थित रहीं। अतिथियों ने प्रतियोगिताओं में विजेता प्रतिभागियों को मेडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई। अतिथियों ने कहा कि स्वच्छता केवल घर और आसपास की गलियों तक सीमित नहीं है। स्कूल, कॉलेज, सड़क, गार्डन, सार्वजनिक स्थानों के साथ-साथ व्यक्तिगत स्वच्छता और हमारे आचरण में भी स्वच्छता जरूरी है। छोटी-छोटी अच्छी आदतें बड़े बदलाव की वजह बनती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे स्वयं गंदगी न करें और दूसरों को भी गंदगी करने से रोकें। बच्चों के माध्यम से स्वच्छता का संदेश समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने की जरूरत है। प्राचार्य पी. स्मिता राव ने कार्यक्रम के आयोजन के लिए मेरा युवा भारत दुर्ग की टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए इस तरह के आयोजन लगातार होते रहने चाहिए। उन्होंने भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने के लिए टीम को आमंत्रित किया। कार्यक्रम में मेरा युवा भारत के एम.वाय.वी. योगेश कुमार साहू, स्वयंसेवक कुशल कुमार, साहिल कुमार, धनराज साहू सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।
