भिलाई में अवैध बैनर-पोस्टरों पर निगम का एक्शन, पुलिस के साथ चलाया अभियान

भिलाई नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीम ने शहर के प्रमुख चौक-चौराहों व सड़कों से अवैध बैनर-पोस्टर हटाने का अभियान चलाया। निगम ने बिना अनुमति सार्वजनिक स्थानों पर प्रचार सामग्री लगाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी है।

भिलाई में अवैध बैनर-पोस्टरों पर निगम का एक्शन, पुलिस के साथ चलाया अभियान

भिलाई। शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से नगर पालिक निगम भिलाई ने अवैध बैनर-पोस्टरों के खिलाफ विशेष अभियान तेज कर दिया है। निगम और पुलिस की संयुक्त टीम ने शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, व्यस्त सड़कों तथा सार्वजनिक स्थलों पर लगे अनधिकृत बैनर-पोस्टरों को हटाते हुए संबंधित लोगों को नियमों का पालन करने की चेतावनी दी।

अभियान के दौरान विद्युत पोल, डिवाइडर, सड़क किनारे और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर बिना अनुमति लगाए गए सामाजिक, राजनीतिक और व्यावसायिक बैनर-पोस्टर हटाए गए। निगम अधिकारियों का कहना है कि इस तरह के पोस्टर न केवल शहर की सुंदरता को प्रभावित करते हैं, बल्कि यातायात व्यवस्था पर भी प्रतिकूल असर डालते हैं। नगर निगम के अनुसार कई प्रमुख मार्गों और चौक-चौराहों पर लगे बड़े-बड़े बैनर और पोस्टर वाहन चालकों का ध्यान भटकाते हैं। चलते वाहन के दौरान चालक का ध्यान सड़क से हटने पर दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। इसी कारण ऐसे स्थानों से प्रचार सामग्री हटाने का अभियान लगातार चलाया जा रहा है।

संयुक्त टीम ने शहर के विभिन्न इलाकों का निरीक्षण कर अवैध रूप से लगाए गए बैनर-पोस्टरों को हटाया और मार्गों को व्यवस्थित किया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थानों, विद्युत पोल और यातायात प्रभावित करने वाले क्षेत्रों में बिना अनुमति किसी भी प्रकार के बैनर या पोस्टर लगाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

नगर निगम ने सामाजिक संगठनों, राजनीतिक दलों, व्यापारिक संस्थानों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे सार्वजनिक संपत्ति का दुरुपयोग न करें और बिना अनुमति प्रचार सामग्री न लगाएं। प्रशासन ने कहा कि शहर को स्वच्छ, सुंदर और सुरक्षित बनाए रखने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।