पिकअप हटाने के विवाद में 3 महिला आरोपी गिरफ्तार, पहले 4 आरोपी जा चुके हैं जेल, स्टम्प और बेस बल्ला जब्त

पिकअप हटाने के विवाद में 3 महिला आरोपी गिरफ्तार, पहले 4 आरोपी जा चुके हैं जेल, स्टम्प और बेस बल्ला जब्त

भिलाई। गली में खड़ी पिकअप वाहन को हटाने के विवाद में हुई मारपीट के मामले में पुरानी भिलाई पुलिस ने तीन महिला आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस ने उनके कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया लकड़ी का स्टम्प और बेस बल्ला भी बरामद कर जब्त किया है।

पुलिस के अनुसार, 29 जुलाई 2026 को दक्षिण डबरापारा निवासी पूजा साहू ने थाना पुरानी भिलाई में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि वह अपने परिवार के साथ कार से घर लौट रही थीं। डबरापारा पुल के नीचे गली में एक पिकअप वाहन खड़ा होने से रास्ता बंद था। वाहन हटाने के लिए चालक को बुलाने पर विवाद शुरू हो गया।

आरोप है कि विवाद के दौरान आरोपियों ने एकजुट होकर पूजा साहू के पति निलेश साहू, जेठ तेजराम साहू तथा बीच-बचाव करने आई जेठानी सैलजा साहू के साथ गाली-गलौज की, जान से मारने की धमकी दी और जैक रॉड सहित अन्य वस्तुओं से हमला कर उन्हें घायल कर दिया।

मामले में थाना पुरानी भिलाई में अपराध क्रमांक 399/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। इस प्रकरण में पहले ही चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।

जांच के दौरान तीन महिला आरोपियों की संलिप्तता सामने आने पर पुलिस ने अनिता वर्मा (35 वर्ष), सीता वर्मा (60 वर्ष) और जलेश्वरी वर्मा (25 वर्ष) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने घटना में शामिल होने की बात स्वीकार की। पुलिस ने अनिता वर्मा के कब्जे से लकड़ी का स्टम्प तथा जलेश्वरी वर्मा के कब्जे से बेस बल्ला बरामद कर जब्त किया। तीनों महिला आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले की आगे की विवेचना कर रही है।