पिकअप हटाने की बात पर खूनी विवाद, जैक रॉड और हॉकी स्टिक से हमला करने वाले चार आरोपी गिरफ्तार

पुरानी भिलाई पुलिस की त्वरित कार्रवाई, वारदात में इस्तेमाल जैक रॉड और हॉकी स्टिक जब्त, सभी आरोपी जेल भेजे गए

पिकअप हटाने की बात पर खूनी विवाद, जैक रॉड और हॉकी स्टिक से हमला करने वाले चार आरोपी गिरफ्तार

भिलाई। सड़क किनारे खड़ी पिकअप हटाने को लेकर हुए विवाद में जैक रॉड और हॉकी स्टिक से हमला कर तीन लोगों को घायल करने वाले चार आरोपियों को पुरानी भिलाई पुलिस ने घटना के दूसरे ही दिन गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।

पुलिस के अनुसार 29 जुलाई को दक्षिण डबरापारा निवासी पूजा साहू (21) अपने परिवार के साथ हाउसिंग बोर्ड 32 एकड़ से लौट रही थीं। डबरापारा पुल के नीचे सड़क किनारे खड़ी एक पिकअप के कारण उनकी कार आगे नहीं बढ़ पा रही थी। वाहन हटाने की बात कहने पर पिकअप चालक सोहन वर्मा विवाद करने लगा।

कुछ देर बाद सोहन वर्मा के साथ मोहन वर्मा, रामगोपाल वर्मा और राजा राजपूत भी मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि चारों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और पिकअप में रखे लोहे के जैक रॉड और हॉकी स्टिक से पूजा साहू के पति निलेश साहू और तेजराम साहू पर हमला कर उनके सिर और पैरों में गंभीर चोट पहुंचाई। बीच-बचाव करने पहुंची सैलजा साहू के साथ भी मारपीट की गई।

शिकायत के आधार पर पुरानी भिलाई थाना पुलिस ने अपराध दर्ज कर त्वरित विवेचना की। आरोपियों की पहचान होने के बाद चारों को 30 जुलाई को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल एक लोहे का जैक रॉड और एक हॉकी स्टिक भी बरामद कर जब्त कर लिया है।

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी विवाद की स्थिति में कानून अपने हाथ में न लें और तत्काल पुलिस को सूचना दें। हिंसा और कानून व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।