प्रॉपर्टी डीलर लाखन सिंह गिरफ्तार, धमकी देकर जमीन हड़पने की कोशिश का आरोप

परिवार में दहशत का माहौल बनाकर कब्जे का प्रयास, मोहननगर थाना पुलिस ने आरोपी लाखन सिंह को किया गिरफ्तार

प्रॉपर्टी डीलर लाखन सिंह गिरफ्तार, धमकी देकर जमीन हड़पने की कोशिश का आरोप

दुर्ग। दुर्ग जिले के मोहननगर थाना पुलिस ने धमकी देकर भय का माहौल बनाते हुए भूमि हड़पने के प्रयास के आरोप में एक प्रॉपर्टी डीलर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को मिली शिकायत की जांच के बाद भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया। फिलहाल मामले की विवेचना जारी है।

पुलिस के अनुसार, 27 जुलाई 2026 को प्रार्थी प्रविन्दर सिंह चाने ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, दुर्ग को एक लिखित शिकायत सौंपी थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि प्रॉपर्टी डीलर लाखन सिंह लगातार धमकी देकर उनके परिवार, विशेषकर पत्नी और बच्चों के बीच भय का माहौल बना रहा है तथा उनकी जमीन हड़पने का प्रयास कर रहा है।

शिकायत की प्रति मोहननगर थाना पहुंचने के बाद पुलिस ने प्रारंभिक जांच की। जांच में शिकायत प्रथम दृष्टया सही पाए जाने पर अपराध क्रमांक 533/2026 दर्ज किया गया।

बीएनएस की इन धाराओं में मामला दर्ज

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 351(2) और 308(2) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की। इसके बाद आरोपी की तलाश की गई और 28 जुलाई 2026 को उसे गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई की गई।

परिवार को डराकर जमीन कब्जाने का आरोप

पुलिस जांच के अनुसार आरोपी लाखन सिंह ने प्रार्थी के परिवार को लगातार डराने और मानसिक दबाव में रखने का प्रयास किया। आरोप है कि पत्नी और बच्चों के बीच भय का वातावरण बनाकर जमीन पर अवैध कब्जा करने और उसे अपने पक्ष में कराने की कोशिश की जा रही थी।