अमर शहीद कौशल यादव के 27वें शहादत दिवस पर 25 जुलाई को श्रद्धांजलि समारोह

हुडको स्थित स्मारक पर होगा आयोजन, रक्तदान और स्वास्थ्य शिविर भी लगाए जाएंगे

अमर शहीद कौशल यादव के 27वें शहादत दिवस पर 25 जुलाई को श्रद्धांजलि समारोह

भिलाई। कारगिल युद्ध के वीर योद्धा और वीर चक्र से सम्मानित अमर शहीद कौशल यादव के 27वें शहादत दिवस पर 25 जुलाई को भव्य श्रद्धांजलि एवं स्मृति समारोह का आयोजन किया जाएगा। छत्तीसगढ़ आर्मी पब्लिक वेलफेयर फाउंडेशन के तत्वावधान में यह कार्यक्रम सुबह 11 बजे हुडको स्थित कौशल यादव स्मारक स्थल पर आयोजित होगा।

कार्यक्रम की जानकारी गुरुवार को आयोजित प्रेसवार्ता में फाउंडेशन के प्रदेश अध्यक्ष हरप्रीत सिंह ने दी। उन्होंने बताया कि समारोह के दौरान अमर शहीद कौशल यादव के अदम्य साहस, राष्ट्रभक्ति और सर्वोच्च बलिदान को नमन करते हुए उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए जाएंगे। साथ ही नई पीढ़ी में देशभक्ति, राष्ट्रसेवा और सैनिकों के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करने का संदेश भी दिया जाएगा।

श्रद्धांजलि समारोह के साथ रक्तदान शिविर और स्वास्थ्य शिविर का भी आयोजन किया जाएगा। फाउंडेशन ने प्रदेश के पूर्व सैनिकों, वीरांगनाओं, युवाओं, सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों, विद्यार्थियों, मीडिया प्रतिनिधियों और आम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होकर अमर शहीद कौशल यादव को श्रद्धांजलि अर्पित करने की अपील की है।

प्रेसवार्ता के दौरान हरप्रीत सिंह, कैप्टन ओ.पी. सिंह, मनीष शर्मा, वी.के. सिंह, बेनी प्रसाद, शैलेन्द्र कुमार, नेहा मोदी सहित फाउंडेशन के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।