लिव-इन पार्टनर ने मंगलसूत्र से घोंट दिया गला

रायगढ़। जिले में एक दिल दहला देने वाली हत्या का मामला सामने आया है, जहां लिव-इन रिलेशन में रह रहे युवक ने अपनी महिला साथी की मंगलसूत्र से गला घोंटकर हत्या कर दी। कोतरारोड़ पुलिस ने आरोपी विकेश कुमार बरेठ (26) को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। मामले की शुरुआत जिंदल अस्पताल पतरापाली से मिली आकस्मिक मृत्यु की सूचना से हुई। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। शुरुआत में मामला सामान्य मौत का लग रहा था, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबने से मौत की पुष्टि हुई, जिसे हत्या माना गया।

इसके बाद पुलिस ने जांच तेज की। प्रशिक्षु डीएसपी और थाना प्रभारी अजय नागवंशी की टीम ने मृतका के साथ रह रहे युवक विकेश बरेठ से पूछताछ की, जिसमें उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी ने बताया कि मृतका धनेश्वरी विश्वकर्मा (32) दवाइयां समय पर नहीं लेती थी और दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। इसके अलावा, धनेश्वरी का अपने पति से तलाक नहीं हुआ था, जिससे शादी नहीं हो पा रही थी और तनाव बढ़ता जा रहा था।

घटना वाले दिन भी दोनों के बीच विवाद हुआ। गुस्से में विकेश ने पहले थप्पड़ मारा, फिर पीछे से मंगलसूत्र खींच लिया, जिससे धनेश्वरी का गला दब गया और वह बेहोश होकर गिर पड़ी। कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई। घबराए आरोपी ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद उसने मामले को छिपाने की कोशिश भी की। मृतका जांजगीर-चांपा जिले के पोड़ीभाटा की रहने वाली थी। वह पिछले चार साल से अपने मायके में रह रही थी और इसी दौरान विकेश के संपर्क में आई थी। दोनों किरोड़ीमल नगर में पति-पत्नी की तरह साथ रह रहे थे। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है और मामले की आगे जांच जारी है।
