नशीली दवाइयों पर बड़ी कार्रवाई, 600 नशीली टेबलेट के साथ आरोपी गिरफ्तार
नदी रोड जैन मंदिर के पास बेचने की फिराक में था आरोपी, 2.48 लाख रुपये की सामग्री जब्त

दुर्ग। नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सिटी कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 600 नग नशीली टेबलेट के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से नशीली दवाइयों के अलावा नकदी और मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है। जब्त सामग्री की कुल कीमत 2 लाख 48 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार 22 जुलाई को मुखबिर से सूचना मिली थी कि नदी रोड स्थित जैन मंदिर के पास एक व्यक्ति लाल रंग के कैरी बैग में नशीली टेबलेट लेकर बिक्री करने की तैयारी में घूम रहा है। सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदेही को पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम उमेश कुमार मौर्य (37 वर्ष) निवासी ग्राम माण्डा, जिला प्रयागराज (उत्तर प्रदेश) बताया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 600 नग नशीली टेबलेट, बिक्री की रकम 3 हजार रुपये तथा एक विवो कंपनी का मोबाइल फोन बरामद हुआ।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सिटी कोतवाली थाना में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(बी) एवं 27(ए) के तहत अपराध दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी सार्वजनिक स्थान पर ग्राहकों की तलाश कर नशीली दवाइयों की अवैध बिक्री करने की फिराक में था। मुखबिर की सटीक सूचना और त्वरित कार्रवाई के चलते उसे रंगे हाथों पकड़ लिया गया।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अपने आसपास नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री या तस्करी की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। समाज को नशामुक्त बनाने के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
