मोबाइल दुकान में चोरी का खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार, दो नाबालिगों की भी संलिप्तता सामने आई

मोबाइल दुकान में चोरी का खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार, दो नाबालिगों की भी संलिप्तता सामने आई

दुर्ग। सिटी कोतवाली पुलिस ने मोबाइल दुकान में हुई चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। मामले की जांच के दौरान दो विधि से संघर्षरत बालकों की संलिप्तता भी सामने आई है, जिनके विरुद्ध किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।

पुलिस के अनुसार, 13 जुलाई 2026 को साईं नगर बघेरा निवासी भगवती प्रसाद ठाकुर ने शिकायत दर्ज कराई थी कि पंचशील नगर स्थित उनकी "श्री ठाकुरजी मोबाइल स्टोर्स" का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने दुकान में रखे मोबाइल फोन, चार्जर, स्पीकर और नगदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना देर रात करीब 1:30 बजे की बताई गई।

शिकायत के आधार पर सिटी कोतवाली थाना में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस को मिले तकनीकी साक्ष्य, मुखबिर सूचना और अन्य सुरागों के आधार पर एक आरोपी तथा दो नाबालिगों को चिन्हित किया गया।

पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदात को स्वीकार कर लिया। उनकी निशानदेही पर चोरी गए 13 मोबाइल फोन, 2 चार्जर और 1 स्पीकर बरामद कर जब्त किए गए। गिरफ्तार आरोपी की पहचान तुषार भोंडेकर (19 वर्ष), निवासी बीड़ी कॉलोनी, उरला, दुर्ग के रूप में हुई है। उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी और उसके साथियों ने रात के समय दुकान का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और रिपेयरिंग के लिए रखे मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक सामान तथा गल्ले में रखी नकदी चोरी कर फरार हो गए थे।

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से दुकानों और प्रतिष्ठानों में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था रखने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।