पत्नी ने प्रेमी और सपेरों संग रची खौफनाक साजिश, पति को पहले नींद की गोलियां खिलाईं, फिर सांप से डसवाकर कराई हत्या

पत्नी ने प्रेमी और सपेरों संग रची खौफनाक साजिश, पति को पहले नींद की गोलियां खिलाईं, फिर सांप से डसवाकर कराई हत्या

मेरठ। उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के हस्तिनापुर थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा हुआ है। पुलिस के अनुसार, स्कूल संचालक अतुल कुमार पंवार (32) की हत्या उनकी पत्नी दामिनी ने अपने प्रेमी और दो सपेरों के साथ मिलकर की। आरोप है कि पहले अतुल को नींद की गोलियां खिलाकर बेहोश किया गया और फिर सोते समय सांप से डसवाकर उनकी हत्या कर दी गई। मामले में पत्नी दामिनी, उसके प्रेमी तुषार और दो सपेरे सोनू व उदय कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस के मुताबिक, अतुल मूल रूप से बहसूमा थाना क्षेत्र के भंडोरा गांव के रहने वाले थे। उन्होंने वर्ष 2019 में दामिनी से प्रेम विवाह किया था। पिछले चार महीने से दंपती अपने छह वर्षीय बेटे मानिक के साथ हस्तिनापुर की जे ब्लॉक कॉलोनी में किराये के मकान में रह रहे थे। करीब तीन महीने पहले दोनों ने कृष्णा किड्स प्ले स्कूल शुरू किया था।

शुक्रवार सुबह अतुल अपने कमरे में मृत मिले। दामिनी ने आसपास के लोगों को बताया कि उनके पति की मौत सांप के काटने से हुई है। मौके पर बिस्तर पर एक सांप भी मिला, जिसे लोगों ने मार डाला। अतुल के हाथ और पैर पर सांप के डसने के निशान मिलने से शुरुआत में मामला सामान्य सर्पदंश का लगा।

हालांकि, मृतक के पिता अजब सिंह ने बहू पर हत्या का आरोप लगाया। इसके बाद पुलिस ने गहराई से जांच शुरू की। एसएसपी अविनाश पांडेय के अनुसार, जांच में पता चला कि स्कूल में बस चालक के रूप में कार्यरत तुषार और दामिनी के बीच प्रेम संबंध थे। दोनों ने अतुल को रास्ते से हटाने और 20 लाख रुपये के बीमा का पैसा हासिल करने के लिए हत्या की साजिश रची थी। योजना के तहत सपेरों को पांच लाख रुपये देने की बात तय हुई थी।

पुलिस के अनुसार, तुषार ने बाजार से नींद की गोलियां खरीदकर दामिनी को दीं। दामिनी ने ये गोलियां अतुल के खाने में मिला दीं। रात करीब दो बजे अतुल के गहरी नींद में होने पर तुषार ने सपेरा उदय को बुलाया, जिसने सांप से अतुल के हाथ और पैर पर कई बार डसवाया। इसके बाद सांप को बिस्तर पर ही छोड़ दिया गया, ताकि मामला प्राकृतिक सर्पदंश का लगे।

वारदात के बाद तुषार और सपेरा वहां से चले गए। सुबह दामिनी ने इसे हादसा बताकर लोगों को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन पुलिस जांच में पूरी साजिश का पर्दाफाश हो गया। पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।