दुर्ग के सरकारी स्कूल में सनसनी, 10वीं के छात्र ने साथियों को खिलाई संदिग्ध गोलियां, कई बच्चे बीमार

दुर्ग। दुर्ग शहर के वार्ड क्रमांक 1 पंचशील नगर स्थित आजाद हायर सेकेंडरी स्कूल से एक गंभीर मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, स्कूल में कक्षा 10वीं के एक छात्र ने तीन से चार दिन पहले अपने साथ पढ़ने वाले अन्य छात्रों को कथित तौर पर टैबलेट (गोली) खिला दी। इसके बाद कई बच्चों की तबीयत बिगड़ गई।
बताया जा रहा है कि बीमार छात्रों को इलाज के लिए जिले के अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन आक्रोशित हो गए और कोतवाली थाना पहुंचकर आरोपी छात्र के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करने लगे।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। बच्चों को किस प्रकार की टैबलेट दी गई थी, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस स्कूल प्रबंधन, छात्रों और परिजनों से पूछताछ कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है। घटना के बाद स्कूल और क्षेत्र में चिंता का माहौल है।
