महिलाओं की सुरक्षा के लिए दुर्ग पुलिस की नई पहल, आज से शुरू होगी 'पिंक पेट्रोलिंग'

भिलाई। महिलाओं, छात्राओं, बच्चों और वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से दुर्ग पुलिस आज यानी 16 जुलाई से जिले में "पिंक पेट्रोलिंग" की शुरुआत करने जा रही है। इस नई व्यवस्था के तहत विशेष पुलिस वाहन संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों में नियमित गश्त करेंगे, ताकि महिलाओं को सुरक्षित माहौल मिल सके और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत पुलिस सहायता उपलब्ध हो सके।
पिंक पेट्रोलिंग का शुभारंभ गुरुवार सुबह 10 बजे सेक्टर-6 स्थित पुलिस कंट्रोल रूम, भिलाई से किया जाएगा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग विशेष पिंक पेट्रोलिंग वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इस अवसर पर पुलिस अधिकारी और मीडिया प्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे।

दुर्ग पुलिस के अनुसार, पिंक पेट्रोलिंग का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं से जुड़े अपराधों, विशेषकर छेड़छाड़ और उत्पीड़न जैसी घटनाओं की रोकथाम करना है। इसके साथ ही डायल-112 और पुलिस कंट्रोल रूम के माध्यम से मिलने वाली महिला सुरक्षा संबंधी शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
इस अभियान के तहत स्कूल, कॉलेज और कोचिंग संस्थानों में लगने और छुट्टी के समय नियमित पेट्रोलिंग की जाएगी, ताकि छात्राएं सुरक्षित माहौल में आवागमन कर सकें। वहीं पार्क, गार्डन, मॉल, बाजार, साप्ताहिक हाट, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर भी पिंक पेट्रोलिंग टीम लगातार गश्त करेगी।
पुलिस टीम असामाजिक तत्वों, मनचलों और संदिग्ध व्यक्तियों पर विशेष नजर रखेगी। किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि मिलने पर तत्काल वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा महिला हेल्पलाइन 1091, आपातकालीन सेवा 112 और साइबर हेल्पलाइन 1930 सहित अन्य सुरक्षा सेवाओं की जानकारी भी आम लोगों तक पहुंचाई जाएगी।
दुर्ग पुलिस का कहना है कि महिलाओं, छात्राओं, बच्चों और वरिष्ठ नागरिकों की शिकायतों का संवेदनशीलता के साथ त्वरित निराकरण किया जाएगा। साथ ही सार्वजनिक स्थानों और शैक्षणिक संस्थानों के आसपास सुरक्षित वातावरण बनाए रखने के लिए नियमित गश्त और जनजागरूकता अभियान भी चलाए जाएंगे।
