अंतरजिला बाइक चोर गिरफ्तार, भिलाई, रायपुर और बिलासपुर से चोरी की 3 मोटरसाइकिल बरामद

अंतरजिला बाइक चोर गिरफ्तार, भिलाई, रायपुर और बिलासपुर से चोरी की 3 मोटरसाइकिल बरामद

भिलाई। जामुल पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए अंतरजिला वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से भिलाई, रायपुर और बिलासपुर से चोरी की गई तीन मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं, जिनकी कुल अनुमानित कीमत करीब 1.60 लाख रुपये है।

पुलिस के अनुसार कैलाश नगर निवासी युगल पटेल ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 1 जून 2026 को उसका भाई कुणाल पटेल अपनी यामाहा आर-15 (CG 07 CU 6238) से सामान खरीदने कैलाश नगर गया था। लौटने पर अज्ञात चोर बाइक चोरी कर ले गया। शिकायत पर थाना जामुल में अपराध क्रमांक 376/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) के तहत विवेचना शुरू की गई।

जांच के दौरान मुखबिर सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने संदेही आनंदी मंडल (32) को रायगढ़ जिले के चक्रधर नगर क्षेत्र से हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने कैलाश नगर से यामाहा आर-15 चोरी करना स्वीकार कर लिया। इसके अलावा उसने करीब दो वर्ष पहले बिलासपुर से होंडा साइन तथा 20 से 25 दिन पहले रायपुर से केटीएम मोटरसाइकिल चोरी करने की बात भी कबूल की।

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने तीनों चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कर लीं। बरामद वाहनों में यामाहा आर-15, होंडा साइन और केटीएम शामिल हैं। पुलिस ने 14 जुलाई को आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

भीड़भाड़ वाले इलाकों को बनाता था निशाना

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी भीड़भाड़ वाले बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर खड़ी मोटरसाइकिलों की रेकी करता था। मौका मिलते ही वाहन चोरी कर उन्हें दूसरे जिलों में ले जाकर छिपा देता था, ताकि पुलिस की निगरानी से बच सके। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपी अन्य जिलों में हुई वाहन चोरी की घटनाओं में भी शामिल रहा है या नहीं।