होटल में 19 वर्षीय म्यूजिक आर्टिस्ट की मौत, परिवार ने गर्लफ्रेंड पर लगाया हत्या का आरोप
होटल के कमरे में मिला युवक का शव, पुलिस आत्महत्या के एंगल से जांच में जुटी, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

भिलाई। सुपेला थाना क्षेत्र के एक होटल में 19 वर्षीय म्यूजिक आर्टिस्ट शादाब का शव मिलने से सनसनी फैल गई। शादाब जवाहर नगर अटल आवास का रहने वाला था और पियानो बजाने के लिए जाना जाता था। मंगलवार शाम वह अपनी गर्लफ्रेंड के साथ होटल पहुंचा था, लेकिन कुछ घंटों बाद उसकी मौत की खबर सामने आई।
जानकारी के मुताबिक, शादाब के दोस्तों को फोन पर सूचना दी गई कि वह बेहोश हो गया है। जब दोस्त और परिजन होटल पहुंचे तो कमरे का दरवाजा युवती ने खोला। अंदर शादाब का शव बेड पर पड़ा था, जबकि पंखे से स्कार्फ का फंदा लटका हुआ था।

परिवार और दोस्तों ने पुलिस की आत्महत्या की आशंका पर सवाल उठाए हैं। उनका दावा है कि शादाब के शरीर पर चोट के कई निशान थे। मृतक के भाई ने आरोप लगाया कि युवती ने पहले बेल्ट से शादाब की पिटाई की और फिर खुद के हाथ व गर्दन पर ब्लेड से वार कर उसे धमकाया। भाई का आरोप है कि घटना के बाद युवती पूरी रात शव के साथ कमरे में रही।
परिजनों के अनुसार, घटना से पहले शादाब की पुरानी गर्लफ्रेंड का फोन आया था, जिससे उसकी वर्तमान गर्लफ्रेंड नाराज हो गई। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था। वहीं दोस्तों का कहना है कि शादाब का अपनी पुरानी गर्लफ्रेंड से पहले ही ब्रेकअप हो चुका था और उसने उसे मोबाइल व सोशल मीडिया पर ब्लॉक कर दिया था।
पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
