कार गैरेज में घुसकर हमला और मोबाइल लूट, तीन आरोपी गिरफ्तार
पुरानी रंजिश को लेकर आधी रात को मचाया उत्पात, धारदार हथियार से हमले में तीन घायल; लूटा गया मोबाइल बरामद

भिलाई। पुरानी रंजिश को लेकर कार गैरेज में घुसकर मारपीट, धारदार हथियार से हमला और मोबाइल लूटने के मामले में दुर्ग पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, तीन अन्य संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने घटना के दौरान लूटा गया मोबाइल फोन भी बरामद कर जब्त कर लिया है। इस हमले में तीन लोग घायल हुए हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 9 नवंबर 2026 को प्रार्थी कृष्णा शर्मा ने चौकी स्मृतिनगर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के मुताबिक, रात करीब 12 बजे पुरानी रंजिश को लेकर नागेन्द्र सुमनकर अपने साथियों के साथ कार गैरेज में घुस आया। आरोपियों ने वहां गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान धारदार हथियार से भी हमला किया गया, जिसमें मनीष शर्मा, आनंद शर्मा और सारांश सिंह को चोटें आईं। मारपीट के दौरान आरोपी एक मोबाइल फोन भी लूटकर ले गए। घटना की गंभीरता को देखते हुए चौकी स्मृतिनगर पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की और तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, तीन अन्य संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने लूटा गया मोबाइल फोन बरामद कर जब्त कर लिया है। मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109, 309 सहित अन्य सुसंगत धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार, प्रकरण की विवेचना जारी है।