ढाबे में काम करने वाले युवक से मारपीट कर 18,500 रुपये की लूट, तीन आरोपी गिरफ्तार
दुर्ग के पुलगांव में ढाबे में काम करने वाले युवक से मारपीट कर 8,500 रुपये नकद और मोबाइल लूटने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार। एक अपचारी बालक न्यायालय में पेश। पुलिस ने लूटा गया मोबाइल बरामद किया।

भिलाई। दुर्ग जिले के पुलगांव थाना क्षेत्र में ढाबे में काम करने वाले युवक से मारपीट कर नकदी और मोबाइल लूटने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, एक अपचारी बालक को संबंधित न्यायालय में पेश किया गया है। आरोपियों ने युवक से 8,500 रुपये नकद और करीब 10 हजार रुपये कीमत का मोबाइल फोन लूटा था। पुलिस ने लूटा गया मोबाइल बरामद कर जब्त कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, घटना 7 नवंबर 2026 की रात करीब 8:30 बजे की है। ग्राम इंदावानी, थाना सोमनी, जिला राजनांदगांव निवासी चुनेंद्र साहू उर्फ बंटी (19 वर्ष) पुलगांव क्षेत्र के एक ढाबे में काम कर रहा था। इसी दौरान चार आरोपी वहां पहुंचे और बातचीत करने के बहाने उसे ढाबे के पीछे ले गए। आरोपियों ने युवक से पैसों की मांग की। विरोध करने पर हाथ-मुक्कों और डंडे से मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान एक आरोपी ने धारदार हथियार दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और युवक की जेब में रखे 8,500 रुपये नकद तथा करीब 10 हजार रुपये कीमत का मोबाइल फोन लूट लिया।
घटना की शिकायत पर थाना पुलगांव में अपराध क्रमांक 981/2026, धारा 309(6) भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध दर्ज कर पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने पुलगांव नदी के पास घेराबंदी कर आरोपियों को पकड़ा। पूछताछ और विवेचना के आधार पर रोशन विश्वकर्मा (24 वर्ष), संजय तिवारी (25 वर्ष) और सोमेश्वर साहू (25 वर्ष), तीनों निवासी पुलगांव, दुर्ग को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। वहीं, एक अपचारी बालक को संबंधित न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन भी बरामद किया है।