अवैध शराब के साथ 6 आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान "ऑपरेशन विश्वास" के तहत दुर्ग पुलिस ने अवैध शराब के परिवहन और बिक्री में संलिप्त छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। थाना उतई, रानीतराई, खुर्सीपार और छावनी क्षेत्र में पांच अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने भारी मात्रा में अवैध शराब, नकदी और एक मोटरसाइकिल जब्त की है।

पुलिस के अनुसार 21 और 22 जून 2026 को मुखबिर की सूचना पर अलग-अलग टीमों ने दबिश देकर कार्रवाई की। इस दौरान कुल 297 पौवा और 14 बोतल अवैध शराब, बिक्री से प्राप्त 20,780 रुपये नकद तथा परिवहन में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल बरामद की गई। सभी आरोपियों के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। थाना उतई क्षेत्र के ग्राम पतोरा में पुलिस ने पुरेंद्र ठाकुर और शिवराम यादव को मोटरसाइकिल से 32 पौवा अवैध शराब का परिवहन करते हुए गिरफ्तार किया। वहीं मुक्तिधाम रोड पतोरा से दिलेश कुमार पारधी के कब्जे से 30 पौवा अवैध शराब जब्त की गई।

थाना रानीतराई क्षेत्र के ग्राम घोरारी में आरोपी नोगेंद्र बंजारे को अवैध शराब बेचते हुए पकड़ा गया। उसके कब्जे से 203 पौवा शराब और 700 रुपये नकद बरामद हुए। थाना खुर्सीपार क्षेत्र के उड़िया बस्ती बापूनगर में मुबारक हुसैन के पास से 32 पौवा शराब और 6 हजार रुपये नकद जब्त किए गए। इसी तरह थाना छावनी क्षेत्र के शीतला मंदिर कॉम्प्लेक्स खंडहर के पास शुभम तागड़े के कब्जे से 14 बोतल शराब और 200 रुपये बिक्री रकम बरामद की गई। पुलिस के अनुसार सभी आरोपी अधिक लाभ कमाने के उद्देश्य से अवैध रूप से शराब का परिवहन और बिक्री कर रहे थे। जब्त सामग्री में कुल 297 पौवा, 14 बोतल अवैध शराब, 20,780 रुपये नकद और मोटरसाइकिल क्रमांक CG-07-KA-5938 शामिल है।
