आज दिवाली पर कितने बजे करें मां लक्ष्मी की पूजा? जानिए शुभ मुहूर्त और पूजन का सही समय






भिलाई। रोशनी, खुशियों और उल्लास का पर्व दीपावली आज रविवार, 8 नवंबर को पूरे देश में धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया जाएगा। दीपावली को लेकर बाजारों से लेकर घरों तक उत्सव का माहौल है। लोगों ने अपने घरों और प्रतिष्ठानों को रंग-बिरंगी विद्युत झालरों, दीपों और आकर्षक सजावट से सजाया है। शाम होते ही घर-घर दीप जलाए जाएंगे और विधि-विधान से मां लक्ष्मी, भगवान गणेश एवं कुबेर देवता की पूजा-अर्चना की जाएगी।
हिंदू पंचांग के अनुसार दीपावली कार्तिक मास की अमावस्या तिथि को मनाई जाती है। धार्मिक मान्यता है कि इस दिन मां लक्ष्मी पृथ्वी पर भ्रमण करती हैं और स्वच्छ एवं प्रकाश से सजे घरों में उनका आगमन होता है। इसी मान्यता के चलते लोग अपने घरों की साफ-सफाई कर दीपों से सजावट करते हैं और मां लक्ष्मी से सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना करते हैं।
लक्ष्मी पूजन का शुभ मुहूर्त
ज्योतिषीय पंचांग के अनुसार रायपुर में दीपावली पर मां लक्ष्मी और भगवान गणेश की पूजा का विशेष शुभ मुहूर्त शाम 5 बजकर 49 मिनट से रात 7 बजकर 48 मिनट तक रहेगा। इसकी अवधि करीब 1 घंटा 59 मिनट है। वहीं प्रदोष काल शाम 5 बजकर 24 मिनट से रात 7 बजकर 57 मिनट तक रहेगा। इस दौरान घरों और प्रतिष्ठानों में विधि-विधान से लक्ष्मी-गणेश पूजन करना शुभ माना गया है। निशिता काल में पूजा का समय रात 11 बजकर 22 मिनट से 12 बजकर 13 मिनट तक रहेगा।
इस विधि से करें मां लक्ष्मी की पूजा
दीपावली की शाम सबसे पहले घर और पूजा स्थल की अच्छी तरह सफाई कर मां लक्ष्मी और भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित करें। पूजा स्थल पर दीपक जलाकर रोली, अक्षत, फूल, फल, मिठाई और नैवेद्य अर्पित करें। इसके बाद गणेश जी और मां लक्ष्मी की आरती करें। धार्मिक मान्यता के अनुसार पूजा के बाद घर के मुख्य द्वार, तुलसी चौरा और अन्य प्रमुख स्थानों पर दीपक जलाने से सकारात्मकता और खुशहाली का संचार होता है।
भगवान श्रीराम के अयोध्या आगमन की खुशी में जलाए जाते हैं दीप
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार भगवान श्रीराम 14 वर्ष का वनवास पूरा कर माता सीता और लक्ष्मण के साथ अयोध्या लौटे थे। उनके आगमन की खुशी में अयोध्यावासियों ने दीप जलाकर उनका स्वागत किया था। तभी से दीपावली को अंधकार पर प्रकाश और बुराई पर अच्छाई की जीत के प्रतीक के रूप में मनाने की परंपरा चली आ रही है। दीपावली केवल दीप जलाने का त्योहार नहीं, बल्कि आपसी प्रेम, भाईचारे, खुशियां बांटने और जीवन में नई उम्मीदों का संदेश देने वाला पर्व भी है। इस अवसर पर लोग एक-दूसरे को मिठाइयां खिलाकर दीपावली की शुभकामनाएं देंगे।