दुर्ग रेंज आईजी ने पुलिस टीमों को किया सम्मानित, चोरी और ऑनलाइन सट्टा मामलों में उत्कृष्ट कार्रवाई पर मिला नगद पुरस्कार

दुर्ग रेंज आईजी ने पुलिस टीमों को किया सम्मानित, चोरी और ऑनलाइन सट्टा मामलों में उत्कृष्ट कार्रवाई पर मिला नगद पुरस्कार

दुर्ग। दुर्ग रेंज के पुलिस महानिरीक्षक अभिषेक शांडिल्य ने चोरी और ऑनलाइन म्यूल अकाउंट/सट्टा प्रकरणों में सराहनीय कार्य करने वाली दुर्ग पुलिस की टीमों को नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। पुलिस टीमों को कुल 33 हजार रुपये से अधिक की राशि प्रदान की गई।

आईजी कार्यालय में आयोजित सम्मान समारोह में चोरी के मामलों का खुलासा करने वाली टीम को 23,500 रुपये तथा ऑनलाइन म्यूल अकाउंट और सट्टा प्रकरण में प्रभावी कार्रवाई करने वाली टीम को 9,750 रुपये का नगद पुरस्कार दिया गया।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, एसीसीयू और थाना स्तर पर गठित टीमों ने तकनीकी विश्लेषण, सीसीटीवी फुटेज की गहन जांच और सतत पतासाजी के माध्यम से महत्वपूर्ण सफलता हासिल की।

बताया गया कि 16 मई 2026 को एसीसीयू टीम ने ऑनलाइन सट्टा और म्यूल अकाउंट मामले में कार्रवाई करते हुए 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में आरोपियों ने विभिन्न लोगों के बैंक खाते खुलवाकर पासबुक, एटीएम, सिम कार्ड और चेकबुक हासिल कर ऑनलाइन सट्टे में पैसों के लेनदेन में इस्तेमाल करना स्वीकार किया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने नगद राशि, 46 मोबाइल फोन, 9 लैपटॉप, विभिन्न कंपनियों के सिम कार्ड और अलग-अलग बैंक खातों में जमा लगभग 10 लाख रुपये की जानकारी जुटाकर वैधानिक कार्रवाई की।

वहीं चोरी के मामलों में थाना सुपेला और थाना पद्मनाभपुर की टीमों ने एसीसीयू के सहयोग से तकनीकी जांच और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मेरठ के चोर गिरोह तक पहुंच बनाई। टीम को मेरठ रवाना कर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने दुर्ग, भिलाई, बिलासपुर, रायपुर और जबलपुर में चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 400 ग्राम सोना, लाखों रुपये का चोरी का सामान और नगद राशि बरामद की है।

आईजी अभिषेक शांडिल्य ने इस कार्रवाई को पुलिस टीमों की मेहनत, समर्पण और उत्कृष्ट विवेचना का परिणाम बताते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों को भविष्य में भी इसी तरह प्रभावी कार्रवाई करने के लिए प्रोत्साहित किया।