मोबाइल से चला रहा था ऑनलाइन सट्टा, दुर्ग पुलिस ने दबोचा

मोबाइल से चला रहा था ऑनलाइन सट्टा, दुर्ग पुलिस ने दबोचा

दुर्ग। जिले के मोहन नगर थाना क्षेत्र में ऑनलाइन जुआ-सट्टा खिलाने वाले एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी मोबाइल फोन के जरिए रुपए-पैसों का दांव लगाकर सट्टा संचालित कर रहा था। पुलिस ने उसके कब्जे से नगदी रकम और मोबाइल फोन जब्त किया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 12 मई को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि श्रीनगर उरला क्षेत्र में एक युवक मोबाइल के माध्यम से ऑनलाइन जुआ खेला और खिलाया जा रहा है। सूचना मिलते ही मोहन नगर पुलिस ने विशेष टीम बनाकर मौके पर घेराबंदी की और संदेही युवक को पकड़ लिया।

जांच और पूछताछ के दौरान युवक के मोबाइल में जुआ-सट्टा संचालन से जुड़े साक्ष्य मिले। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 325/2026 दर्ज कर छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 6, 7 और 8 के तहत कार्रवाई की।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान योगेश सिंह राजपूत निवासी आदित्य नगर, दुर्ग के रूप में हुई है। आरोपी की उम्र 19 वर्ष बताई गई है।

पुलिस ने आरोपी के पास से 1,500 रुपए नकद और एक मोबाइल फोन जब्त किया है। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 21,500 रुपए बताई गई है।