भैंस चोरी कर ले जा रहे नाबालिग सहित 5 गिरफ्तार

दुर्ग। जिले में अवैध पशु तस्करी और मवेशी चोरी के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत अण्डा थाना पुलिस ने चार आरोपियों और एक नाबालिग को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की दो भैंस और वारदात में इस्तेमाल टाटा एस वाहन जब्त किया है।

पुलिस के मुताबिक 12 मई को ग्राम चिरपोटी के ग्रामीणों ने सूचना दी कि सिरसिदा खार रेलवे बोगदा पुलिया के पास से भैंस और पड़िया को टाटा एस वाहन क्रमांक CG 04 JC 2612 में भरकर ले जाया जा रहा है। ग्रामीणों ने वाहन को बोरीगारका के पास रोक लिया। पूछताछ में वाहन चालक और उसके साथियों ने मवेशियों को ग्राम चिरपोटी से ले जाना स्वीकार किया।

सूचना के बाद अण्डा थाना में अपराध क्रमांक 51/2026 के तहत धारा 303(2) और 3(5) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान आरोपी अवतार सिंह उर्फ बाउ और भूपेन्द्र कुमार महार उर्फ छोटू ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर मवेशी चोरी करना स्वीकार किया।
गिरफ्तार आरोपियों में अवतार सिंह उर्फ बाउ (40) निवासी कुरूद जामुल, भूपेन्द्र कुमार महार उर्फ छोटू (28) निवासी आदर्श नगर उतई, खेमचंद उर्फ खेमू साहू (23) निवासी ग्राम चिरपोटी और ऐवेन्द्र साहू उर्फ गोलू (20) निवासी ग्राम चिरपोटी शामिल हैं। मामले में एक विधि विरुद्ध बालक को भी अभिरक्षा में लिया गया है।
