उर्स को लेकर दुर्ग में बदलेगा ट्रैफिक रूट

13 से 16 मई तक रात में भारी वाहनों की एंट्री बंद, कई मार्गों पर रहेगा डायवर्जन

उर्स को लेकर दुर्ग में बदलेगा ट्रैफिक रूट

दुर्ग। पुराना बस स्टैंड स्थित मजार में आयोजित होने वाले उर्स मेले को लेकर दुर्ग यातायात पुलिस ने विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया है। 13 मई से 16 मई 2026 तक शहर के भीतर यातायात व्यवस्था में बदलाव रहेगा और रात्रिकालीन समय में भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया गया है।

यातायात पुलिस के अनुसार आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं और आम नागरिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों का आवागमन नियंत्रित किया जाएगा। पटेल चौक से इंदिरा मार्केट की ओर सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। वहीं फरिश्ता कॉम्प्लेक्स से पटेल चौक की ओर भी यातायात प्रतिबंधित रहेगा। पुलिस ने बताया कि उर्स मेले के दौरान दुर्ग शहर के अंदर रात में भारी वाहनों की एंट्री पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी ताकि जाम और अव्यवस्था की स्थिति न बने।

आयोजन में आने वाले लोगों के लिए अलग-अलग क्षेत्रों के अनुसार पार्किंग व्यवस्था भी तय की गई है। भिलाई और पावर हाउस की ओर से आने वाले वाहन बस स्टैंड पार्किंग में खड़े किए जाएंगे। रिसाली की ओर से आने वाले वाहनों के लिए झाड़ूराम देवांगन स्कूल परिसर में पार्किंग बनाई गई है। वहीं गंजपारा, पुलगांव और राजनांदगांव की दिशा से आने वाले वाहनों के लिए गंज मंडी और पुलिस लाइन परिसर में पार्किंग की व्यवस्था की गई है।

यातायात पुलिस ने बताया कि आयोजन अवधि में प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा।