राइस मिल में लगी आग: दमकल की तत्परता से बड़ा हादसा टला

राइस मिल में लगी आग: दमकल की तत्परता से बड़ा हादसा टला

दुर्ग। जिले के जेवरा सिरसा क्षेत्र स्थित एक राइस मिल में मंगलवार शाम अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। समय रहते अग्निशमन दल की कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया।

जानकारी के अनुसार, श्रद्धा राइस मिल में रखे बारदानों में करीब 5:35 बजे आग लग गई। घटना की सूचना मिलते ही दुर्ग अग्निशमन विभाग की दो दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। जब तक टीम पहुंची, तब तक बारदानों से तेज लपटें उठ रही थीं।

अग्निशमन कर्मियों ने बिना देर किए मिल के अंदर प्रवेश कर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। उनकी त्वरित कार्रवाई से आग फैलने से रोक ली गई, जिससे किसी प्रकार की जनहानि या बड़ी क्षति नहीं हुई। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। मामले की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है।

इस अभियान में जिला अग्निशमन अधिकारी नागेंद्र कुमार सिंह के मार्गदर्शन में सहायक स्टेशन फायर प्रभारी संतोष पांडेय, अग्निशमन दल प्रभारी धन्नु यादव, भगवती बंजारे सहित टीम के अन्य सदस्य शामिल रहे। टीम की सतर्कता और समय पर पहुंचने से एक बड़ी दुर्घटना टल गई।