सेक्टर-6 ए मार्केट में शराब दुकान के विरोध में प्रदर्शन, काली पट्टी बांधकर जताया आक्रोश



भिलाई। सेक्टर-6 ए मार्केट में संचालित शराब दुकान को हटाने की मांग को लेकर आज स्थानीय रहवासियों, व्यापारियों और जनप्रतिनिधियों ने विरोध प्रदर्शन किया। सभी लोग शराब दुकान के सामने एकत्रित हुए और काली पट्टी बांधकर विरोध दर्ज कराया। इसके बाद नागरिकों और जनप्रतिनिधियों ने दुर्ग कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर दुकान को अन्यत्र स्थानांतरित करने की मांग की। नगर पालिक निगम भिलाई के एमआईसी सदस्य एवं सेक्टर-6 के पार्षद साकेत चन्द्राकर ने कहा कि ए मार्केट भिलाई टाउनशिप का प्रमुख और सबसे बड़ा बाजार है, जहां पूरे शहर से लोग परिवार सहित खरीदारी के लिए आते हैं। ऐसे पारिवारिक वातावरण वाले बाजार के बीच शराब दुकान खोलना पूरी तरह अनुचित निर्णय है।

उन्होंने आशंका जताई कि इससे बाजार क्षेत्र में अव्यवस्था बढ़ेगी और महिलाओं व बच्चों की सुरक्षा पर असर पड़ सकता है। साथ ही आसपास के दुकानदारों के व्यवसाय पर भी इसका नकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व पार्षद सौरभ दत्ता ने कहा कि सेक्टर-6 क्षेत्र में मंदिर, मस्जिद, गुरुद्वारा और गिरजाघर के साथ कई स्कूल भी स्थित हैं। जिस स्थान पर शराब दुकान खोली गई है, उसके करीब धार्मिक स्थल मौजूद हैं, ऐसे में यह निर्णय उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के खाली मैदानों और जर्जर भवनों में पहले से असामाजिक गतिविधियां देखी जाती रही हैं। अब शराब दुकान खुलने से नशाखोरी और आपत्तिजनक घटनाओं में बढ़ोतरी की आशंका है, जिससे सामाजिक वातावरण प्रभावित होगा।

इस दौरान भिलाई जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर, विधायक प्रतिनिधि राजेन्द्र परगनिहा, सभापति द्वय केशव बंछोर, गिरिवर बंटी साहू, एमआईसी सदस्य सीजू एंथोनी, लक्ष्मीपति राजू, एकांश बंछोर, जोन अध्यक्ष राजेश चौधरी, महिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं पार्षद सुभद्रा सिंह, पार्षद अभय सोनी, सुरेश वर्मा, उमेश साहू वरिष्ठ कांग्रेसी कलाम खान, ब्लॉक अध्यक्ष सौरभ मिश्रा, पूर्व युवा कांग्रेस अध्यक्ष अफरोज खान, राकेश ठाकुर, NSUI नेता आकाश कन्नौजिया, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, सी.एच. श्रीनिवास राव, गोपाल यादव, संतोष उमरीकर रोजुद्दीन, रामकिशन, राहुल शर्मा, तोषु वर्मा, अभय सिंह, छोटू रजक, प्रेमनाथ, एस.एन. सिंह, सुमित सिंह, डीप सिंह,बीएम सिंह, एस जे कुरैशी , सतनारायण गुप्ता, तमेश राठौर,संदीप कोरी, अजय यादव, आकाश हांडे, सन्नी, अनिल तिवारी, मुकेश, धीरेन्द्र कामत एवं नागरिक गण उपस्थित थे।
