अवैध शराब बेचते युवक को रंगे हाथ पकड़ा, 30 पौवा देशी मदिरा जब्त

दुर्ग में अवैध शराब के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में मोहन नगर थाना पुलिस ने एक आरोपी को रंगे हाथ पकड़ने में सफलता हासिल की है।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि धमधा नाका स्थित हनुमान मंदिर के पास एक व्यक्ति बैग में अवैध शराब रखकर बिक्री कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।

पकड़े गए आरोपी की पहचान शैलेन्द्र सागरवंशी के रूप में हुई है, जो राम नगर उरला का निवासी है। तलाशी के दौरान उसके पास से 30 पौवा देशी मसाला मदिरा बरामद की गई, जिसकी कुल मात्रा 5.40 बल्क लीटर और कीमत करीब 3000 रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध शराब और नशे के कारोबार पर रोक लगाने के लिए ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
