सक्ती वेदांता प्लांट में ब्लास्ट: 20 मजदूरों की मौत, चेयरमैन समेत 19 पर FIR

छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में स्थित वेदांता ग्रुप के पावर प्लांट में हुए भीषण बॉयलर ब्लास्ट ने पूरे प्रदेश को हिला दिया है। मंगलवार को हुए इस हादसे में अब तक 20 मजदूरों की मौत हो चुकी है, जबकि 16 अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों का इलाज अलग-अलग अस्पतालों में जारी है और कई की हालत नाजुक बनी हुई है।

हादसे के बाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कंपनी के चेयरमैन अनिल अग्रवाल, प्लांट हेड देवेंद्र पटेल समेत कुल 19 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। सभी पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 106, 289 और 3-5 के तहत मामला दर्ज किया गया है। प्रशासन की सूची के मुताबिक, मृतकों में 5 मजदूर छत्तीसगढ़ के रहने वाले हैं, जबकि 15 अन्य मजदूर बाहर के राज्यों से काम करने आए थे। घटना को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने साफ कहा है कि जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

मुआवजे की बात करें तो राज्य सरकार ने मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपए और घायलों को 50 हजार रुपए देने का ऐलान किया है। वहीं प्रधानमंत्री राहत कोष से मृतकों के परिवार को 2 लाख और घायलों को 50 हजार रुपए दिए जाएंगे। वेदांता प्रबंधन ने भी मृतकों के परिजनों को 35-35 लाख रुपए और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की घोषणा की है। साथ ही घायलों को 15-15 लाख रुपए देने की बात कही गई है। यह हादसा एक बार फिर औद्योगिक सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े करता है। अब सबकी नजर जांच रिपोर्ट पर है, जिससे यह साफ हो सके कि इतनी बड़ी लापरवाही आखिर कैसे हुई।
