सख्ती का असर: सड़क हादसों में 22% मौत कम, चालान 77% बढ़े

दुर्ग। यातायात पुलिस की लगातार सख्ती अब असर दिखाने लगी है। साल 2026 के पहले तीन महीनों में सड़क दुर्घटनाओं में मौत के आंकड़ों में 22 फीसदी की कमी दर्ज की गई है।

आंकड़ों पर नजर डालें तो 2025 में जनवरी से मार्च के बीच 114 लोगों की मौत हुई थी, जबकि 2026 में यह संख्या घटकर 88 रह गई है।

यह कमी यूं ही नहीं आई। पुलिस ने नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। चालानी कार्रवाई में 77 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। पिछले साल इसी अवधि में जहां 20,045 चालान हुए थे, वहीं इस साल 35,570 चालान काटे गए हैं।
फोकस खास तौर पर तीन चीजों पर है
- बिना हेलमेट चलना
- शराब पीकर गाड़ी चलाना
- और लापरवाही से ड्राइविंग
दुर्ग-रायपुर नेशनल हाईवे, सुपेला चौक, नेहरू नगर, पावर हाउस और जुनवानी जैसे संवेदनशील इलाकों में लगातार चेकिंग चल रही है। ड्रिंक एंड ड्राइव के खिलाफ भी नियमित कार्रवाई हो रही है। इसके साथ ही पुलिस लोगों को सिर्फ दंड नहीं दे रही, बल्कि जागरूक भी कर रही है ताकि नियमों का पालन खुद से हो।
