अवैध गैस कारोबार पर पुलिस की कार्रवाई, 45 सिलेंडर के साथ पिकअप पकड़ी गई, दो हिरासत में

रायपुर। अवैध गैस सिलेंडर कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पिकअप वाहन से 45 कॉमर्शियल सिलेंडर जब्त किए हैं। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम चिचोली स्थित शान-ए-पंजाब ढाबा के सामने तिल्दा-खरोरा मेन रोड पर एक सफेद रंग की पिकअप वाहन में भारी मात्रा में कॉमर्शियल सिलेंडर रखे हुए हैं और आरोपी उन्हें बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और संदिग्ध पिकअप वाहन क्रमांक CG 04 QK 6282 की जांच की। तलाशी के दौरान वाहन के डाले में कुल 45 सिलेंडर पाए गए, जिनमें 37 भरे हुए 21 किलो के कॉमर्शियल सिलेंडर, 7 खाली सिलेंडर और एक इंडियन कंपनी का खाली सिलेंडर शामिल था।

मौके पर मौजूद ड्राइवर गिनेश्वर प्रसाद साहू और कंडक्टर लादूराम से सिलेंडरों से संबंधित दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। दोनों ने बताया कि वाहन और सिलेंडर मालिक भूपेश्वर प्रसाद साहू के हैं और वे उसी के निर्देश पर काम कर रहे थे। पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में करीब 10 लाख रुपये कीमत की पिकअप वाहन और लगभग 74 हजार रुपये मूल्य के सिलेंडर जब्त कर लिए। मामले में धारा 106 के तहत कार्रवाई करते हुए आगे की जांच खाद्य विभाग को सौंप दी गई है। खाद्य निरीक्षक शुभा गुप्ता को सिलेंडर, वाहन और आरोपियों से संबंधित दस्तावेज सुपुर्द कर दिए गए हैं। फिलहाल मामले में अवैध गैस कारोबार के नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।
