12 दिन पहले हुई थी शादी, अब मौत की खबर… नवविवाहिता ने फांसी लगाई

धमतरी। जिले के मगरलोड थाना क्षेत्र के छोटी करेली गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां 23 वर्षीय नवविवाहिता ने शादी के महज 12 दिन बाद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

मृतका की पहचान नूतन दीवान के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, उसकी शादी 12 मार्च को छोटी करेली निवासी कामेश कंवर से हुई थी। नूतन मूल रूप से फिंगेश्वर थाना क्षेत्र के खैरझिटी गांव की रहने वाली थी और शादी के बाद अपने ससुराल में रह रही थी।

बताया जा रहा है कि गुरुवार को नूतन ने अपने ससुराल के टॉयलेट में फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने तुरंत मगरलोड पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार, फिलहाल आत्महत्या के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए मृतका के मायके और ससुराल पक्ष के लोगों से पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में किसी आपराधिक गतिविधि के संकेत नहीं मिले हैं, लेकिन पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही सामने आएगा। इस घटना के बाद दोनों परिवारों में शोक का माहौल है। वहीं, गांव में भी इस घटना से लोग स्तब्ध हैं और तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
