दुर्ग में इस गैस एजेंसी पर बड़ी कार्रवाई, सैकड़ों सिलेंडर जब्त

दुर्ग। जिले में एलपीजी गैस वितरण व्यवस्था पर सख्ती करते हुए खाद्य विभाग ने पद्मनाभपुर स्थित गोल्डन भारत गैस एजेंसी पर बड़ी कार्रवाई की है। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद जांच में भारी गड़बड़ी सामने आई, जिसके चलते सैकड़ों गैस सिलेंडर जब्त किए गए हैं।

खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण संचालनालय, नवा रायपुर के निर्देश पर जिले में गैस और पेट्रोल-डीजल की उपलब्धता पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। इसी कड़ी में 20 मार्च को खाद्य विभाग की टीम ने गोल्डन भारत गैस एजेंसी का औचक निरीक्षण किया।

जांच के दौरान भौतिक सत्यापन में एजेंसी के स्टॉक में बड़ा अंतर पाया गया। रिकॉर्ड और वास्तविक स्टॉक मेल नहीं खाने पर कार्रवाई करते हुए टीम ने बड़ी संख्या में सिलेंडर जब्त किए।
कार्रवाई के तहत 14.2 किलोग्राम के घरेलू गैस सिलेंडर में 838 खाली और 48 भरे सिलेंडर, 19 किलोग्राम के 63 खाली व्यावसायिक सिलेंडर और 5 किलोग्राम के 22 खाली सिलेंडर जब्त किए गए। यह कार्रवाई एजेंसी के भागीदार अंशुमन मढरिया से की गई।
बताया जा रहा है कि यह एजेंसी एक पार्टनरशिप फर्म है, जिसमें मोहन लाल धुव्र और अंशुमन मढरिया भागीदार हैं। लगातार शिकायतों के बाद ही विभाग ने यह सख्त कदम उठाया।
प्रशासन का कहना है कि जिले में एलपीजी गैस की आपूर्ति व्यवस्था को सुचारू बनाए रखना प्राथमिकता है, ताकि आम लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो। इसके लिए आगे भी जांच और निगरानी जारी रहेगी।
इस कार्रवाई के बाद जिले की अन्य गैस एजेंसियों में भी हड़कंप मच गया है। अब देखना होगा कि विभाग आगे इस मामले में क्या कड़ी कार्रवाई करता है और जिम्मेदारों पर क्या कार्रवाई होती है।
