कोरियर के जरिए ड्रग सप्लाई का खुलासा, BP मशीन के अंदर छुपाकर मंगाई जा रही थी कोकीन, 20 लाख से ज्यादा की सामग्री जब्त

कोरियर के जरिए ड्रग सप्लाई का खुलासा, BP मशीन के अंदर छुपाकर मंगाई जा रही थी कोकीन, 20 लाख से ज्यादा की सामग्री जब्त

रायपुर। राजधानी रायपुर में मादक पदार्थों की तस्करी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां कोरियर की आड़ में बी.पी. मशीन के अंदर छुपाकर कोकीन मंगाई जा रही थी। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी कार्रवाई की है।

एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और देवेन्द्र नगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस को सूचना मिली थी कि नारायणा हॉस्पिटल, सेक्टर-5 के पास एक व्यक्ति अपनी कार में कोकीन लेकर ग्राहक की तलाश कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और संदिग्ध वाहन को घेरकर आरोपी को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम कृष्ण गोपाल अग्रवाल, निवासी रायपुर बताया।

तलाशी के दौरान पुलिस को कार में एक कोरियर पैकेट मिला, जिसे श्री मारूती कोरियर फर्म के माध्यम से भेजा गया था। जब पैकेट को खोला गया तो उसमें बी.पी. मशीन पाई गई। पुलिस ने जब मशीन की जांच की, तो उसके अंदर छुपाकर रखी गई कोकीन बरामद हुई।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 4.55 ग्राम कोकीन, जिसकी कीमत करीब 2 लाख 27 हजार रुपये बताई गई है, जब्त की है। इसके अलावा एक चारपहिया वाहन ग्रैंड विटारा और एक आईफोन भी जब्त किया गया है। कुल जब्त सामग्री की कीमत लगभग 20 लाख 27 हजार रुपये आंकी गई है।

इस मामले में आरोपी के खिलाफ देवेन्द्र नगर थाना में नारकोटिक एक्ट की धारा 22बी के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी कोरियर के जरिए दूसरे राज्यों से कोकीन मंगाकर रायपुर में सप्लाई करता था। मामले में कोरियर फर्म की भूमिका की भी जांच की जा रही है और उसके खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की बात कही गई है।

फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है। फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज के आधार पर पूरे नेटवर्क को खंगालने की तैयारी की जा रही है।