सिविक सेंटर में अवैध ठेला-गुमटियों पर निगम की कार्रवाई, चार दुकानदारों पर 15 हजार का जुर्माना

भिलाई। सिविक सेंटर क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित ठेला-गुमटियों के खिलाफ नगर पालिक निगम भिलाई ने अभियान चलाकर चार दुकानदारों पर कार्रवाई की। नियमों का उल्लंघन कर व्यवसाय करने वाले दुकानदारों पर कुल 15 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
26 अक्टूबर 2026 को निगम आयुक्त के निर्देशानुसार चलाए गए इस अभियान में चाय, मोमोज, कॉफी, फास्ट फूड और अन्य चाय-नाश्ते की दुकानें संचालित करने वाले ठेला-गुमटी संचालकों की जांच की गई। कार्रवाई के दौरान नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर चार दुकानदारों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई।
निगम की टीम ने संबंधित संचालकों को अवैध रूप से संचालित दुकानों को हटाने की समझाइश दी। साथ ही सिविक सेंटर क्षेत्र में व्यवस्थित तरीके से और निर्धारित नियमों के अनुसार व्यवसाय करने के निर्देश दिए गए। निगम ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थलों पर अवैध रूप से दुकानें संचालित करने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।
निगम और पुलिस की टीम रही मौजूद
अभियान के दौरान जोन क्रमांक 5 के सहायक राजस्व अधिकारी अनिल मेश्राम, सहायक राजस्व निरीक्षक प्रह्लाद लहरे, गणित बघेल और प्रकाश महिलवार मौजूद रहे। पुलिस विभाग की ओर से जनकराम कुर्रे, दिनेश देशमुख और राहुल सोनी सहित अन्य कर्मचारी भी अभियान में शामिल हुए।