बेजुबान कुत्ते की पीट-पीटकर हत्या, दो आरोपी गिरफ्तार

बेजुबान कुत्ते की पीट-पीटकर हत्या, दो आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग। जामुल थाना क्षेत्र में एक बेजुबान कुत्ते को बेरहमी से मारने का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

घटना एमपीईबी चौक जामुल की है। 1 मार्च की रात करीब साढ़े तीन बजे गली के एक कुत्ते को दो लोगों द्वारा गंभीर रूप से पीटे जाने की सूचना मिली। स्थानीय निवासी मदन साहू ने थाना जामुल पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि मोहल्ले के मुर्तुजा अली और राहुल मारकण्डे ने कुत्ते को इतना मारा कि उसकी मौत हो गई।

रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 136/2026 दर्ज कर धारा 325 और 3(5) बीएनएस के साथ पशुओं के प्रति क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11 के तहत मामला कायम किया। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। पूछताछ में दोनों ने घटना स्वीकार की।

इसके अलावा आरोपियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत अलग से कार्रवाई की गई है। मामले में आगे की वैधानिक प्रक्रिया जारी है।