कुम्हारी में अज्ञात महिला हत्याकांड का खुलासा, दुष्कर्म प्रयास के बाद हत्या करने वाला आरोपी गिरफ्तार

कुम्हारी में अज्ञात महिला हत्याकांड का खुलासा, दुष्कर्म प्रयास के बाद हत्या करने वाला आरोपी गिरफ्तार

भिलाई। कुम्हारी थाना क्षेत्र में जनवरी माह में मिले अज्ञात महिला के शव के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। करीब डेढ़ महीने की व्यापक जांच के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

17 जनवरी 2026 को केवल्य धाम के पीछे परसदा खार स्थित खेत में एक महिला का शव मिला था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या की पुष्टि हुई। इसके बाद अपराध क्रमांक 58/2026 धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पांच विशेष टीमों का गठन किया गया। 1000 से अधिक लोगों से पूछताछ की गई। 100 घंटे से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। लाखों कॉल डिटेल रिकॉर्ड का तकनीकी विश्लेषण किया गया। जिला और अंतरजिला स्तर पर गुमशुदगी रिकॉर्ड का मिलान भी कराया गया।

जांच के आधार पर महाराजा देवार उर्फ राजा देवार, उम्र 22 वर्ष, निवासी कुम्हारी को 28 फरवरी को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने महिला को बहला-फुसलाकर खेत में ले जाने, दुष्कर्म का प्रयास करने और विरोध करने पर गला दबाकर हत्या करने की बात स्वीकार की।

पुलिस ने आरोपी से घटना से जुड़े कपड़े, टूटा हुआ बटन, चप्पल, ए-वन पाउच और पानी की बोतल जब्त की है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

करीब डेढ़ महीने तक चली लगातार फील्ड जांच, तकनीकी विश्लेषण और साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया के बाद यह अंधा कत्ल सुलझा है।