घर से सटे धान पैरावट में लगी आग, दमकल की तत्परता से टला बड़ा हादसा






दुर्ग। जिले के फेकारी गांव में शनिवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। घर से लगे धान के पैरावट में अचानक आग लग गई। घटना सुबह करीब 8:30 बजे की है। मामला उतई थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, श्रीमती रेखा साहू के निवास के पास धान का पैरावट रखा हुआ था। इसी दौरान उसमें अचानक आग भड़क उठी। आग की लपटें तेजी से उठने लगीं, जिससे आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया।

सूचना मिलते ही दुर्ग अग्निशमन कार्यालय की टीम तुरंत मौके के लिए रवाना हुई। एक दमकल दल ने पहुंचकर स्थिति संभाली। दो पानी गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाया गया। राहत की बात यह रही कि आग को आसपास के घरों तक फैलने से रोक लिया गया।
अग्निशमन कर्मियों की तत्परता से बड़ा नुकसान टल गया। मौके पर किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। फिलहाल आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।
कार्रवाई में दल प्रभारी भगवती बंजारे सहित शैलेन्द्र, कुलेश, पराग, उमाशंकर और कमलेश शामिल रहे। टीम ने समय पर पहुंचकर हालात पर नियंत्रण पाया और संभावित बड़े हादसे को टाल दिया।
जिला सेनानी एवं जिला अग्निशमन अधिकारी श्री नागेंद्र कुमार सिंह ने टीम की तत्परता की सराहना की है।