1 किलो 140 ग्राम गांजा के साथ आरोपी गिरफ्तार, स्कूल के पीछे चल रही थी बिक्री

दुर्ग। नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सुपेला पुलिस ने अवैध गांजा बिक्री करने वाले एक आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई 25 फरवरी को मुखबिर की सूचना के आधार पर की गई।

पुलिस को सूचना मिली थी कि फरीद नगर डेरा बस्ती स्थित शासकीय स्कूल के पीछे झाड़ियों के नीचे एक व्यक्ति गांजा रखकर बेच रहा है। सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान उसके पास से सफेद प्लास्टिक थैले में रखा 1 किलो 140 ग्राम गांजा बरामद हुआ। साथ ही बिक्री की रकम 1,250 रुपये भी जब्त की गई। बरामद गांजा की अनुमानित कीमत करीब 55 हजार रुपये बताई गई है। कुल जब्ती 56 हजार 250 रुपये आंकी गई है।
पकड़े गए आरोपी ने पूछताछ में अपना नाम प्रकाश धुर्वे (37 वर्ष) निवासी फरीद नगर डेरा बस्ती वार्ड 07, थाना सुपेला, जिला दुर्ग बताया।
मामले में अपराध क्रमांक 313/2026 दर्ज कर आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) के तहत कार्रवाई की गई है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।