जनहित संघर्ष समिति ने शांतिनगर दशहरा मैदान को टेंडर में देने का किया विरोध

भिलाई। शांति नगर स्थित दशहरा मैदान को टेंडर पर देने की तैयारी के खिलाफ अब खुला विरोध शुरू हो गया है। जनहित संघर्ष समिति ने इसे खिलाड़ियों के हितों पर सीधा प्रहार बताते हुए निर्णय वापस लेने की मांग की है। समिति ने साफ कहा है कि यदि मैदान को निविदा के माध्यम से निजी हाथों में दिया गया तो व्यापक विरोध किया जाएगा।
समिति के जिला संयोजक शारदा गुप्ता ने कहा कि नगर निगम द्वारा शांति नगर दशहरा मैदान के लिए टेंडर आमंत्रित किया गया है। निविदा की शर्तों में सुबह 6 बजे से 8 बजे तक और शाम 5 बजे से 7 बजे तक खिलाड़ियों को निशुल्क उपयोग की अनुमति देने का प्रावधान रखा गया है। लेकिन उनका कहना है कि यह समय खिलाड़ियों के लिए पर्याप्त नहीं है।

उन्होंने बताया कि यहां सैकड़ों खिलाड़ी सुबह 10 बजे तक नियमित अभ्यास करते हैं और शाम को 8 बजे तक प्रशिक्षण चलता है। कई खिलाड़ी इसी मैदान से अभ्यास कर राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचे हैं। बड़ी संख्या में युवा पुलिस विभाग और अन्य सरकारी सेवाओं की तैयारी करते हुए यहीं अभ्यास करते हैं। कई खिलाड़ियों की नियुक्ति पुलिस के उच्च पदों पर हो चुकी है।
शारदा गुप्ता ने कहा कि वर्तमान में मैदान की देखरेख खिलाड़ी स्वयं करते हैं। वे आपस में सहयोग राशि जमा कर मैदान को संवारते हैं। पिछले दो महीनों से लगातार पानी देकर मैदान को फिर से हरा-भरा बनाया गया है। ऐसे में यदि मैदान को टेंडर पर दिया गया और वहां शादी-विवाह या अन्य कार्यक्रम होने लगे, तो खिलाड़ियों के अभ्यास पर सीधा असर पड़ेगा।
समिति का आरोप है कि नगर निगम खाली जगहों को निविदा के जरिए किराए या अन्य उपयोग में दे रहा है, जिससे सार्वजनिक स्थानों की मूल भावना प्रभावित हो रही है। समिति ने इसे खिलाड़ियों के भविष्य से जुड़ा मामला बताया है।
जनहित संघर्ष समिति ने इस विषय में सांसद, विधायक और नगर निगम आयुक्त को भी अवगत करा दिया है। समिति का कहना है कि यदि निर्णय वापस नहीं लिया गया तो आंदोलन किया जाएगा।
विरोध दर्ज कराने वालों में समिति के संयोजक शारदा गुप्ता, पूर्व पार्षद ललित मोहन, फुटबॉल दशहरा मैदान के अध्यक्ष गिरीश खापर्डे, कन्हैया सोनी, कैलाश ताम्रकार, सच्चू खेमानी, रितेश जैन, निशु पांडे, संतोष जायसवाल, रवि पाल, विशाल एंथोनी, मोनू, शिवा पांडे, सनी एंड्रयू, पीसी प्रसाद और नंदलाल प्रसाद सहित अन्य लोग शामिल रहे।