दुर्ग में ट्रैफिक सुधार की बड़ी पहल: खुर्सीपार-सिरसा गेट फ्लाईओवर को मंजूरी, स्मृति नगर में सर्विस रोड निर्माण शुरू

दुर्ग में ट्रैफिक सुधार की बड़ी पहल: खुर्सीपार-सिरसा गेट फ्लाईओवर को मंजूरी, स्मृति नगर में सर्विस रोड निर्माण शुरू

भिलाई। दुर्ग जिले में लगातार बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए प्रशासन ने अहम निर्णय लिए हैं। जिला कलेक्टर की अध्यक्षता में आयोजित संयुक्त सड़क सुरक्षा बैठक में यातायात पुलिस के प्रमुख प्रस्तावों को स्वीकृति दे दी गई है।

सबसे बड़ा फैसला खुर्सीपार और सिरसा गेट क्षेत्र के लिए लिया गया है। यहां रोजाना लगने वाले जाम से राहत दिलाने के लिए फ्लाईओवर ब्रिज निर्माण को प्रशासनिक सहमति मिल गई है। फ्लाईओवर बनने से मुख्य मार्ग पर दबाव कम होगा और जाम की समस्या में सुधार आने की उम्मीद है। दूसरा महत्वपूर्ण निर्णय स्मृति नगर क्षेत्र को लेकर है। झरोखा पैलेस से आरोग्यम हॉस्पिटल तक सर्विस रोड न होने के कारण यहां ट्रैफिक दबाव, अव्यवस्थित पार्किंग और रॉन्ग साइड चलने की समस्या लगातार बनी हुई थी। इस समस्या के समाधान के लिए बोगदा पुलिया, कातुलबोड़ से आरोग्यम हॉस्पिटल तक नई सर्विस रोड निर्माण का प्रस्ताव रखा गया, जिसे मंजूरी मिलने के बाद निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है।

सर्विस रोड बनने से मुख्य सड़क पर वाहनों का भार कम होगा और दुर्घटनाओं की आशंका भी घटेगी। साथ ही वैकल्पिक मार्ग विकसित होने से ट्रैफिक प्रवाह सुगम और नियंत्रित रहेगा। बैठक में यातायात पुलिस दुर्ग और यातायात प्रबंधन प्रकोष्ठ ने तकनीकी विश्लेषण के साथ विस्तृत प्रस्तुति दी। प्रशासन का मानना है कि इन दोनों परियोजनाओं के पूरा होने से शहर में यातायात व्यवस्था अधिक सुरक्षित और व्यवस्थित होगी।

अब नजर इस बात पर रहेगी कि निर्माण कार्य कितनी तेजी से पूरा होता है और आम लोगों को राहत कब तक मिलती है।