पिता की कर दी हत्या, चरित्र शंका में लकड़ी के गेंड़ा से वार; आरोपी गिरफ्तार

पिता की कर दी हत्या, चरित्र शंका में लकड़ी के गेंड़ा से वार; आरोपी गिरफ्तार

बलरामपुर रामानुजगंज जिले के शंकरगढ़ थाना क्षेत्र से सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक युवक ने अपनी ही पिता की पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

मामला थाना शंकरगढ़ के ग्राम कोठली, लेफुआटोली का है। 22 फरवरी को सकुल राम चेरवा ने थाने पहुंचकर मौखिक रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि 21 फरवरी की रात करीब 8 बजे उनका चचेरा भाई बीरकुंवर चेरवा उनके घर आया और दरवाजा खुलवाकर कहा कि उसने अपने पिता को मार डाला है।

सूचना पर जब परिजन आरोपी के घर पहुंचे तो उसके पिता हवल चेरवा घर के ढाबा में खून से लथपथ पड़े मिले। उनके सिर, दाहिने कान और घुटने के पास गंभीर चोट थी। उन्हें तत्काल शंकरगढ़ अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। जांच में सामने आया कि आरोपी अपनी पत्नी के चरित्र पर शंका करता था। घटना की शाम उसने पत्नी के साथ मारपीट की, जिसके बाद पत्नी बच्चे को लेकर बस्ती चली गई। पत्नी के घर पर नहीं मिलने पर आरोपी ने अपने पिता पर ही पत्नी को छिपाने का आरोप लगाया और लकड़ी के गेंड़ा से हमला कर दिया। मामले में अपराध क्रमांक 29/2026 धारा 103(1) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पूछताछ में आरोपी बीरकुंवर चेरवा, उम्र 30 वर्ष, निवासी कोठली ने जुर्म स्वीकार कर लिया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।