महिला की हत्या का खुलासा, पति समेत दो आरोपी गिरफ्तार

महिला की हत्या का खुलासा, पति समेत दो आरोपी गिरफ्तार

बलरामपुर-रामानुजगंज। ग्राम झपरा लातापानी के जंगल में पेड़ से लटकी मिली महिला की मौत का मामला अब हत्या में बदल गया है। पुलिस ने जांच के बाद मृतिका के पति समेत दो लोगों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

13 फरवरी 2026 की शाम सूचक अनिल खलखो की रिपोर्ट पर थाना बलरामपुर में मर्ग कायम किया गया था। गांव के घने जंगल में एक महिला का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला था। पंचनामा कार्रवाई के दौरान मृतिका के शरीर पर गंभीर चोट और खरोंच के निशान पाए गए। संदेह के आधार पर शव का पोस्टमार्टम कराया गया।

डॉक्टरों की प्रारंभिक रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ कि बंधनी, उम्र करीब 50 वर्ष, की मौत हत्यात्मक प्रकृति की है। इसके बाद पुलिस ने मर्ग जांच को अपराध में परिवर्तित कर धारा 103(1), 238 और 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया।

जांच और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर सामने आया कि आरोपी गुना राम अपनी पत्नी पर चरित्र शंका करता था। घटना के दिन महिला बाजार गई थी और देर रात घर लौटी। इसी बात को लेकर विवाद हुआ। पुलिस के अनुसार आरोपी ने पत्नी को धक्का देकर गिराया और बांस के डंडे, हाथ-पैर से मारपीट की, जिससे उसकी मौत हो गई।

जांच में यह भी पाया गया कि लखन कुम्हरिया ने गुना राम के साथ मिलकर हत्या को छुपाने के लिए शव को फांसी पर लटकाने में सहयोग किया।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद उन्हें गिरफ्तार कर 15 फरवरी 2026 को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।