24 घंटे में नकबजनी का खुलासा, चोरी का पूरा सामान बरामद

24 घंटे में नकबजनी का खुलासा, चोरी का पूरा सामान बरामद

भिलाई। छावनी थाना पुलिस ने 24 घंटे के भीतर नकबजनी की एक वारदात का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। कैंप-01 क्षेत्र के गुपचुप मोहल्ला में सूने मकान को निशाना बनाकर चोरी की गई थी।

14 फरवरी 2026 को प्रार्थिया गुरचरण कौर, उम्र 23 वर्ष, निवासी कैंप-01 भिलाई ने थाना छावनी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि रात के समय अज्ञात व्यक्ति घर में घुसा और आलमारी में रखे चांदी के जेवरात, मोबाइल फोन और नगदी रकम चोरी कर ले गया। मामले में अपराध क्रमांक 93/2026 के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।

विवेचना के दौरान पुलिस ने संदेह के आधार पर परमजीत सिंह उर्फ गोल्डी, निवासी 18 नम्बर रोड, कैंप-01 भिलाई को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने सूने मकान में घुसकर चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी गया पूरा सामान बरामद कर लिया है। जप्त सामग्री में तीन चांदी के ब्रेसलेट, दो चांदी की पायल, एक चांदी का सिक्का, एक बच्चे का चांदी का कड़ा, एक चांदी की बाली, चार मोबाइल फोन और 2000 रुपये नगद शामिल हैं। बरामद संपत्ति का अनुमानित मूल्य करीब 15 हजार रुपये बताया गया है। पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ने आर्थिक लाभ के उद्देश्य से सूने मकान को निशाना बनाया था। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में गश्त बढ़ाई गई है और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।

गिरफ्तार आरोपी

परमजीत सिंह उर्फ गोल्डी, निवासी 18 नम्बर रोड, कैम्प-01 भिलाई, थाना छावनी, जिला दुर्ग