बीएसपी प्लांट में कॉपर केबल चोरी करते दो युवक गिरफ्तार, CISF ने मरोदा रेलवे गेट के पास पकड़ा
एसएमएस-03 के कोयला क्षेत्र से चुराए थे 11.2 किलो कॉपर वायर, भिलाई भट्ठी पुलिस ने ₹8 हजार का चोरी का सामान किया बरामद

भिलाई। भिलाई स्टील प्लांट (बीएसपी) परिसर में प्रवेश कर कॉपर केबल वायर चोरी करने वाले दो युवकों को भिलाई भट्ठी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी प्लांट के एसएमएस-03 स्थित कोयला क्षेत्र के पास से कॉपर केबल वायर के टुकड़े चोरी कर बाहर निकल रहे थे। इसी दौरान मरोदा रेलवे गेट के पास CISF के जवानों ने उन्हें पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 11.200 किलोग्राम कॉपर वायर बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 8 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 19 नवंबर 2026 को केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF), बीएसपी इकाई भिलाई की ओर से थाना भिलाई भट्ठी में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि दो व्यक्तियों ने संयंत्र परिसर में प्रवेश कर एसएमएस-03 के कोयला क्षेत्र के पास से कॉपर केबल वायर के टुकड़े चोरी किए थे। चोरी का सामान लेकर बाहर निकलते समय दोनों को मरोदा रेलवे गेट के पास CISF ने पकड़ लिया।
शिकायत के आधार पर भिलाई भट्ठी पुलिस ने अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। पूछताछ और विवेचना के दौरान दोनों की चोरी की घटना में संलिप्तता सामने आई। इसके बाद पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी किया गया 11.200 किलोग्राम कॉपर केबल वायर जब्त किया।
दोनों आरोपी स्टेशन मरोदा के निवासी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चंदन बाग (20 वर्ष) और तामेश्वर निहाल (20 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों शंकर पारा, स्टेशन मरोदा, थाना नेवई, जिला दुर्ग के निवासी हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों को 19 नवंबर को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक धीरेन्द्र दुबे, प्रधान आरक्षक परस राम साहू, जगतपाल जांगड़े तथा आरक्षक बालेन्द्र द्विवेदी, युगल देवांगन, जयनारायण यादव और आशीष प्रसाद की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस ने औद्योगिक प्रतिष्ठानों से अपने परिसरों में सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था मजबूत रखने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि औद्योगिक प्रतिष्ठानों की संपत्ति की चोरी और नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।