भिलाई महिला थाना पारिवारिक परामर्श केन्द्र में काउंसलरों और पुलिस स्टाफ का सम्मान, 1464 मामलों का निराकरण

भिलाई। महिला थाना भिलाई स्थित पारिवारिक परामर्श केन्द्र में कार्यरत पुलिस अधिकारी, कर्मचारियों और काउंसलरों का सम्मान समारोह पुलिस ऑफिसर्स मेस में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में वर्ष 2025 के दौरान पारिवारिक विवादों के निराकरण और बेहतर काउंसलिंग कार्य के लिए सम्मान पत्र और स्मृति चिन्ह प्रदान किए गए।

समारोह में विशिष्ट अतिथि दुर्ग रेंज के पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग (भा.पु.से.) और मुख्य अतिथि दुर्ग जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल (भा.पु.से.) उपस्थित रहे। जानकारी के अनुसार वर्ष 2025 में पारिवारिक परामर्श केन्द्र में कुल 1606 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से काउंसलिंग एवं विधिक प्रक्रिया के माध्यम से 1464 मामलों का निराकरण किया गया। अधिकारियों ने इसे जिले के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।

IG रामगोपाल गर्ग ने कहा कि काउंसलिंग के माध्यम से परिवारों को टूटने से बचाना समाज के लिए बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने स्कूल और कॉलेजों में पारिवारिक मूल्यों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने का सुझाव दिया। SSP विजय अग्रवाल ने आने वाले समय में सीनियर सिटीज़न से जुड़े मामलों पर भी काउंसलिंग की व्यवस्था शुरू करने की घोषणा की। साथ ही बताया कि प्रत्येक रविवार पुरुष आवेदकों की समस्याओं के लिए भी काउंसलिंग सत्र संचालित किए जा रहे हैं। अधिकारियों ने कहा कि महिला थाना भिलाई में पारिवारिक विवादों का शांतिपूर्ण और सहमति आधारित समाधान कराया जा रहा है, जिससे कई मामलों में बड़ी घटनाओं को टाला जा सका है। काउंसलिंग कार्य में योगदान देने वाले काउंसलर और पुलिस स्टाफ को प्रशंसा पत्र और उपहार देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर पद्मश्री तंवर अति. पुलिस अधीक्षक IUCAW जिला दुर्ग, भारती मरकाम उप पुलिस अधीक्षक IUCAW जिला दुर्ग, थाना प्रभारी महिला थाना नीता राजपूत, एवं थाना के समस्त स्टाफ, महिला परामर्श मे निस्वार्थ सेवा देने वाले काऊंसलर ज्योति पुरन, आबदा खान, शाहना कुरैशी, ज्योति शर्मा, अमिता कुमार, शबनम खान, श्रीमती कामिनी तिवारी, अंजना श्रीवास्तव, रत्ना रानी, डॉ. निमिशा, मोनिका सिंह, सुधा चंद्राकर, अशोक जोशी, उपस्थित थे।

